आगरा। आगे बदमाश खड़े हैं, अपनी ज्वैलरी और रुपये निकालकर रख लीजिए। रास्ते में कोई टोकते हुए आपसे ऐसी बातें कहे, तो सावधान हो जाएं। शहर में टप्पेबाजों का गैंग सक्रिय है। पिछले दो दिन में आधा दर्जन घटनाओं का अंजाम दे चुका है। कई घटनाओं को अंजाम देने के लिए तो शातिर पुलिस की वर्दी में पहुंचे हैं।

घटना 1

लूट का भय दिखाकर ले गए ज्वैलरी

शनिवार दोपहर मीना गुप्ता बच्चों के लिए किताब लेने राजामंडी बाजार गई थीं। बजार में दो युवकों ने उनको लूट का भय दिखाकर दो सोने के कड़े, दो अंगूठी, सोने की चेन व छह हजार रुपए नगद ले लिए। इसके बाद युवक भाग गए। पीडि़ता ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने पीडि़ता की निशानदेही पर दोनों को तीन घंटे में गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से माल बरामद किया गया है।

घटना 2

क्राइम ब्रांच बन उतरवाए लाखों के जेवर

थाना छत्ता के बेलनगंज सूरजभान फाटक निवासी सुरेश कुमार सिंघल शनिवार सुबह खरीदारी के लिए गए थे। लौटते समय सूरजभान फाटक में घुसते ही दो अज्ञात युवकों ने उन्हें आवाज देकर रोक लिया। खुद को क्राइम ब्रांच का बताकर लूट की घटना का हवाला देकर सोने के जेवर उतरवा लिए। गले में पहनी जंजीर, दो अंगूठी उतरवा ली और कपड़े में रखने को कहा। गाड़ी की डिग्गी में रखते समय कपड़ा बदल दिया। घर आकर उन्हें जालसाजी का पता चला। थाना छत्ता पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया। लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं लग सका।

घटना 3

रिपोर्ट लिखने से इनकार

थाना सिकंदरा क्षेत्र के सब्जी मंडी में आढ़त का काम करने वाला रामबाग निवासी आविद रोजाना की तरह बाइक से मंडी जा रहे थे। रास्ते में नयति हॉस्पिटल के बाद अज्ञात बाइक सवारों ने उन्हें रोक लिया। खुद को क्राइम ब्रांच पुलिस बताकर एक लाख रुपये ले लिए। विरोध करने पर भाग निकले। पीडि़त ने सिकंदरा पुलिस को घटना की जानकारी दी। लेकिन उन्होंने घटना को संदिग्ध मानकर रिपोर्ट लिखने से इंकार कर दिया।

घटना4

युवकों ने महिला से हड़पे रुपये

कमलानगर में न्यू सिटी हॉस्पिटल के बाहर खड़ी महिला से दो अज्ञात साइकिल सवारों ने रुपए निकलवा लिए। पीडि़त महिला यह रुपए किसी संबंधी के इलाज के लिए इटावा से लाई थी। महिला ने अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी। उन्होंने मौके पर पहुंच अज्ञात साइकिल सवारों को काफी तलाश किया, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा।

घटना5

उतरवा लिए कीमती जेवर

थाना न्यू आगरा के बल्केश्वर, सीताराम कॉलोनी में रहने वाली महिला अपने घर से खरीदारी के लिए निकली थी। रास्ते में दो अज्ञात युवकों ने उन्हें लूट क ा भय दिखाकर कीमती जेवर उतरवा लिए और भाग निकले। वहीं, नाई की मंडी कलेक्ट्रेट रोड पर ऑटो में सवार एक महिला के बैग से पांच हजार रुपए पार कर दिए गए।

टप्पेबाज गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से धोखाधड़ी कर हासिल किया गया कीमती सामान व एक तमंचा बरामद किया गया है। इसके साथ पुलिस की टीम मुख्य बाजारों में सक्रिय हैं।

प्रशांत कुमार वर्मा, एसपी सिटी