RANCHI : टाटा ग्रुप रांची में कैंसर रिसर्च सेंटर सह हॉस्पिटल खोलेगा। मुख्यमंत्री रघुवर दास के आग्रह को स्वीकार करते हुए टाटा ट्रस्ट के चेयरमैन रतन टाटा ने इस पर सहमति दे दी है। 10 मार्च को टाटा ट्रस्ट की ओर से राज्य सरकार को सहमति पत्र भेजे जाने के बाद आगे की कार्यवाही के लिए ट्रस्ट के प्रतिनिधि गुरुवार स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ मुलाकात की। उन्होंने कहा कि टाटा झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में सहयोग करेगी।

नोडल पदाधिकारी की नियुक्ति

टाटा सन्स द्वारा झारखंड में कैंसर हॉस्पिटल खोले जाने की सहमति दिए जाने के बाद राज्य सरकार की ओर से स्वास्थ्य, मेडिकल शिक्षा और परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव सुधीर त्रिपाठी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। ट्रस्ट के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को इस संबंध में उनसे मुलाकात की। मौके पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव संजय कुमार ने कहा कि रांची को अत्याधुनिक मेडिकल हब के रूप में विकसित करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।

मोमेंटम झारखंड में बनी थी सहमति

16-17 फरवरी को हुए मोमेंटम झारखंड के दौरान मुख्यमंत्री और रतन टाटा के बीच टाटा ट्रस्ट के द्वारा कैंसर रिसर्च सेंटर और हॉस्पिटल खोलने के विषय पर चर्चा हुई थी। उसी को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने 9 मार्च को एक चिट्ठी रतन टाटा को लिखी थी। अब टाटा सन्स ने इसपर अपनी मंजूरी दे दी है।

ब्रांबे में भी खुलेगा कैंसर हॉस्पिटल

रांची के ब्रांबे में भी कैंसर हॉस्पिटल एवं रिसर्च सेंटर खोला जाना है। राज्य सरकार द्वारा खोले जाने वाले इस हॉस्पिटल का बजट बढ़कर 3 अरब 11 करोड़ 71 लाख रुपये हो गया है। शुरू में इस योजना की डीपीआर 1 अरब 39 करोड़ 99 लाख रुपये की तैयार की गई थी।

जमशेदपुर में 50 बेड का होगा हॉस्पिटल

केंद्र सरकार ने जमशेदपुर में 50 बेड का कैंसर अस्पताल खोलने पर सहमति दे चुकी है। एमजीएम में खुलने वाले कैंसर हॉस्पिटल में ओपीडी, थेरेपी सेंटर, वेटिंग हॉल, रिकॉर्ड रूम सहित अन्य सुविधाएं होंगी। यहां 25 बेड महिलाओं व 25 पुरुषों के लिए होंगे।