JAMSHEDPUR: टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन की वार्षिक आमसभा में आय-ब्यय के ब्यौरे देने के साथ कई प्रस्ताव पारित किए गए। गुरुवार को कंपनी परिसर स्थित कम्युनिकेशन हॉल (ओल्ड कैंटीन) में आयोजित आम सभा की अध्यक्षता यूनियन के अध्यक्ष गुरमीत सिंह तोते व संचालन प्रकाश विश्वकर्मा ने किया। महामंत्री आरके सिंह ने आमसभा के उद्देश्यों व यूनियन के कार्यो को बताया। इसका सभी मजदूरों ने समर्थन किया।

यूनियन अध्यक्ष ने आमसभा के एजेंडे को बताया। सभा में करीब 3546 कर्मचारियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। सभा में बड़ी संख्या में मजदूरों की उपस्थिति पर महामंत्री आरके सिंह ने आभार जताया। उन्होंने बीते वर्ष का आय-व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत किया जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया। उसके बाद यूनियन के महामंत्री आरके सिंह ने मजदूर हित में हुए कार्यो का बताया।

मंदी की दौर में 306 स्थायी

यूनियन के अध्यक्ष गुरमीत सिंह ने कहा कि मंदी की दौर में भी यूनियन ने 306 को स्थायी कराया गया। कंपनी के इस विपरित परिस्थिति में हरसंभव मदद करना हमारी प्राथमिकता है। आपसी एकता से सब कुछ संभव है। कंपनी व मजदूर हित में उनका काम जारी रहेगा। सभा के अंत में धन्यवाद ज्ञापन अनिल शर्मा ने किया।

ये हैं यूनियन की उपलब्धियां-

-सोशल सिक्योरिटी स्कीम व सेवा निधि के माध्यम से 38 लोगों को सहायता पहुंचाया गया। जिसमें मदद की न्यूनतम राशि 30 लाख और अधिकतम राशि 65 लाख है।

- लीव बैंक की सुविधा लागू करना। इसमें 90 दिन तक की छुट्टी अर्थात तीन महीने के वेतन के बराबर की सहायता लंबे बीमार कर्मियों को मिल रहा है। बीते वर्ष 23 लोगों को इसका लाभ मिला है।

- ठंड के दिनों में गरम जैकेट देने की व्यवस्था करना। तीन साल के अंदर दो गरम जैकेट देने की व्यवस्था कराई गई है।

-- 15 साल का कार्यकाल पूरा होने वाले हर कर्मचारी को एक कलाई घड़ी देने की व्यवस्था की हुई है।

-- मेडिकल के क्षेत्र में हॉस्पिटल का कायाकल्प हुआ है। नए चिकित्सकों की बहाली कराना, घुटना एवं आंख का ऑपरेशन की व्यवस्था, हाईटेक पैथोलैब, आईसीयू का विस्तारीकरण, तत्काल रेफर करने की सुविधा आदि शामिल है।

- कॉलोनी की सौंदर्यीकरण के लिए 85 करोड़ रुपये की व्यवस्था होना।

- कर्मचारियों के बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए दो लाख तक की ऋण की व्यवस्था व बिल्डिंग लोन दो लाख से बढ़ाकर चार लाख तक करना।