JAMSHEDPUR: टाटानगर स्टेशन के एक व दो नंबर प्लेटफार्म से पुराने लोहे का पुल हटाने व नया पाथ-वे लगाने के लिए रेलवे गुरुवार की सुबह 8.30 बजे से दोपहर 3.00 बजे तक 6.30 घंटे का ब्लॉक लेगा ब्लॉक के कारण टाटा-बरकाकाना-टाटा, टाटा-चाकुलिया-टाटा, चक्रधरपुर-टाटा पैसेंजर ट्रेनें रद रहेंगी। बिलासपुर-टाटा पैसेंजर गम्हरिया-टाटा के बीच रद रहेगी। हटिया-टाटा पैसेंजर टाटा-गम्हरिया के बीच रद रहेगी। बड़बिल-टाटा पैसेंजर चाईबासा-टाटा के बीच रद रहेगी। धनबाद-टाटा स्वर्णरेखा एक्सप्रेस कांड्रा स्टेशन तक ही चलेगी। यह ट्रेन टाटा आने के बजाए कांड्रा स्टेशन से ही धनबाद के लिए वापस होगी। टाटा के यात्रियों को कांड्रा स्टेशन तक पहुंचाने व कांड्रा के यात्रियों को टाटा स्टेशन तक पहुंचाने के लिए दूसरी ट्रेन की व्यवस्था की जाएगी। टाटा-जम्मूतवी एक घंटे व टाटा एल्लेपी एक्सप्रेस 45 मिनट विलंब से टाटानगर स्टेशन से रवाना होगी।

स्टेशन निदेशक एचके बलमुचू ने बताया कि आदेश में कुछ बदलाव हो सकता है। ब्लॉक को लेकर नया आदेश बुधवार तक टाटानगर स्टेशन पहुंच जाएगा। कई बार ब्लॉक लेकर रेलवे ने टाटानगर स्टेशन के पुराने लोहे के पुल को लगभग हटा दिया है। पुल के बचे भाग को गुरुवार को पूरी तरह से हटा लिया जाएगा। इसके बाद स्टेशन से सेकेंड इंट्री गेट को जोड़ने के लिए पाथ-वे लगाने का कार्य आरंभ होगा। फिलहाल बर्मामांइस स्थित सेकेंड इंट्री गेट तक जाने के लिए लोगों को रोड ओवरब्रिज का सहारा लेना पड़ रहा है। पाथ-वे बनने के बाद यात्री स्टेशन के रास्ते सेकेंड इंट्री गेट से प्रवेश कर पाएंगे। पाथ-वे का कार्य पूरा होने के बाद रोड ओवरब्रिज पर लोगों की संख्या कुछ कम हो जाएगी।