नगर निगम और प्रशासन ने तैयार किया प्लान

आज डीएम सभी विभागों के अधिकारियों के साथ करेंगे बैठक

Meerut। आगामी 15 जुलाई से पॉलीथिन बैन के लिए निगम की तैयारियां पूरी तरह से प्रशासन और व्यापारियों के सहयोग पर निर्भर हैं। निगम ने फौरी तौर पर चार टीमों का निर्धारण किया था, लेकिन अब निगम अपनी टीमों को रिवाइज करने की नई कार्ययोजना बना रहा है। इस तहत सभी वार्डो में अलग-अलग टीम बनाकर पॉलीथिन मुक्त बनाने का अभियान चलाया जाएगा।

लाउड स्पीकर से जागरुक

पॉलीथिन के खिलाफ नगर निगम 15 जुलाई से अभियान शुरु करने जा रहा है। इस अभियान के तहत नगर निगम लाउडस्पीकर के माध्यम से पहले शहर के बाजारों में पॉलीथिन के प्रयोग ना करने की अपील करेगा। इसमें शहर के व्यापारियों और वार्डो के पार्षदों का सहयोग लिया जाएगा। इसके बाद औचक निरीक्षण का अभियान शुरु किया जाएगा।

500 से 1000 रुपए का जुर्माना

जागरुकता के बाद सभी वार्डो में अलग अलग टीम बनाकर निरीक्षण अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत जिलाधिकारी के आदेश पर पहली बार में पांच सौ और दूसरी बार में एक हजार रुपए तक का जुर्माना लिया जाएगा। यदि इसके बाद भी पॉलीथिन का प्रयोग नही रुका तो जेल तक की सजा का प्रावधान है।

जब्त होगी पॉलीथिन

अभियान के दौरान निगम टीम पॉलीथिन जब्त करेगी। दुकानों पर मिलने वाली पॉलीथिन को नोटिस जारी करते हुए जब्त कर लिया जाएगा। दोबारा पॉलीथिन मिली तो जुर्माना वसूला जाएगा।

पॉलीथिन बैन करने के लिए टीमें बनाकर कार्ययोजना तैयार की जा रही है। इस संबंध में शुक्रवार को प्रशासन ने पुलिस लाइन में सभी विभागों की मीटिंग भी बुलाई है। नए दिशा निर्देश के अनुसार आगे काम होगा।

अली हसन कर्नी, अपर नगरायुक्त