RANCHI : पहाड़ों से होकर आ रही ठंडी हवाएं राजधानी को ठिठुराने लगी हैं। इसी का नतीजा है कि शिमला से भी ज्यादा ठंड रांची में पड़ रही है। ठंड का रांची से ज्यादा असर कांके में है। मंगलवार को कांके का दिन का तापमान 21.6 डिग्री रिकार्ड किया गया वहीं रात का तापमान 5.7 डिग्री रिकार्ड किया गया। वहीं रांची का दिन का पारा 24.6 डिग्री और रात का 8.4 डिग्री रिकार्ड किया गया, जबकि शिमला का अधिकतम तापमान मंगलवार को 18.0 व न्यूनतम पारा 11.5 डिग्री सेल्सियस रहा। अगले कुछ दिनों तक मौसम के कुछ इसी तरह के रहने का अनुमान मौसम विभाग ने दर्शाया है।

स्वभाविक है यह मौसम

भारत मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक बीके मंडल ने बताया कि पहाड़ों में हो रही बर्फबारी का असर रांची पर भी हो रहा है और उसके प्रभाव से ठंडक बढ़ रही है। आसमान साफ रहने से भी तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। वहीं पर्यावरणविद डॉ नीतिश प्रियदर्शी ने बताया कि इस साल बारिश अधिक होने के कारण वातावरण में नमी है वहीं सूर्य के दक्षिणायन होने से धरती को गर्मी कम मिल रही है। इससे ठंड बढ़ रही है। यह दिसंबर में स्वभाविक है।

चौक-चौराहों पर नहीं जल रहे अलाव

तापमान में गिरावट आने और ठंडी हवाओं के कारण शहर में अलाव की जरुरत महसूस होने लगी है। पर शहर के चौक-चौराहों पर प्रशासन ने इसका इंतजाम नहीं किया है। अमूमन दिसंबर में ही जिला प्रशासन जनता की सहूलियत के लिए शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर अलाव जलाता है। इससे गरीबों को ठंड से राहत मिलती है। हालांकि बढ़ती ठंड से गरीबों को राहत देने के लिए रांची नगर निगम समेत अन्य संस्थाओं ने कंबल बांटना शुरु कर दिया है।

प्रमुख स्थानों का तापमान

स्थान अधिकतम न्यूनतम

कांके 21.6 डिग्री 5.7 डिग्री

रांची 24.6 डिग्री 8.4 डिग्री

जमशेदपुर 26 डिग्री 10.4 डिग्री

डाल्टनगंज 25.7 7.5 डिग्री