- विधानसभा अध्यक्ष और उप मुख्यमंत्री भी शामिल हुए पूजा-अर्चना में

PATNA: बौद्ध धर्म गुरु परम पावन दलाई लामा ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास परिसर में लगे बोधि वृक्ष के समक्ष परंपरागत तरीके से पूजा-अर्चना कर शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना की। इस मौके पर उनके साथ बुद्ध स्मृति पार्क के पुजारी रेवता भीखू भंते व अन्य बौद्ध भिक्षुओं ने भी विश्व शांति, राष्ट्र एवं राज्य की शांति, समृद्धि के लिए प्रार्थना की। प्रार्थना में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी भाग लिया।

विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी, विधान परिषद के कार्यकारी सभापति हारुण रशीद, उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी, विधान पार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी, बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सदस्य उदयकांत मिश्रा, मुख्य सचिव दीपक कुमार, पुलिस महानिदेशक गुप्तेश्वर पांडेय, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव चंचल कुमार, सचिव मनीष कुमार वर्मा और विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह भी पूजा-अर्चना में शामिल हुए।

सीएम ने किया स्वागत

पूजा-अर्चना के पूर्व दलाई लामा का सीएम ने मुख्यमंत्री आवास पहुंचने पर स्वागत किया। दलाई लामा ने मुख्यमंत्री को आशीर्वाद व शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने दलाई लामा को प्रतीक चिह्न के रूप में भगवान बुद्ध की प्रतिमा तथा अंग वस्त्र भेंट किया। परम पावन दलाई लामा ने भी मुख्यमंत्री को प्रतीक चिह्न भेंट कर अपना आशीर्वाद दिया।