-महिषी थाने के धनौजा गांव निवासी थे सत्यनारायण यादव उर्फ सत्तो यादव

-बहू महिषी प्रखंड के

उपप्रमुख पद पर हैं काबिज

DARBHANGA/PATNA: तिलकेश्वर ओपी क्षेत्र के बुढि़या सुकरासी गांव में गुरुवार को ट्रैक्टर से खेत जोत रहे सहरसा जिले के महिषी थाने के धनौजा गांव निवासी पूर्व मुखिया सत्यनारायण यादव उर्फ सत्तो यादव को घुड़सवार बदमाशों ने गोलियों से भून डाला। आवाज सुनकर लोगों ने बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की। लेकिन, सभी फरार हो गए। हालांकि, एक बदमाश ने अपना घोड़ा छोड़ दिया। उसे लोगों ने पकड़ लिया। बताया गया कि भागने के दौरान एक बदमाश घोड़ा से नीचे गिर गया तो दूसरे साथी ने सहारा दिया। इसके बाद अपने घोड़ा पर बैठाकर फरार हो गया। पूर्व मुखिया की बहू सरस्वती देवी महिषी प्रखंड की उप प्रमुख हैं।

सीमा क्षेत्र में उलझी रही पुलिस

सीमा क्षेत्र को लेकर दो घंटे तक दोनों जिलों की पुलिस एक-दूसरे पर जवाबदेही थोप रही थी। लेकिन, तिलकेश्वर ओपी क्षेत्र में घटनास्थल पाया गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेजा गया। वहीं, लोगों ने बदमाशों का घोड़ा पुलिस के हवाले कर दिया। घटनास्थल से पुलिस ने कई खाली कारतूस बरामद किए।

पुरानी दुश्मनी के कारण हत्या हुई। पूर्व मुखिया के पुत्र ने 22 लोगों को आरोपित किया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए बिरौल एसडीपीओ और थानाध्यक्ष को सख्त निर्देश दिए गए हैं।

-बाबूराम, एसएसपी, दरभंगा