-सचेण्डी थानाक्षेत्र का मामला, 7 नवंबर को मौत हुई थी

-बेटी ने पिता और भाइयों पर आरोप लगाया, पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की

KANPUR :

सचेण्डी में एक बेवा ने पिता समेत भाइयों पर पति की हत्या का आरोप लगाया है। उसके मुताबिक उसने प्रेमी से इंटरकास्ट मैरिज की थी। जिससे गुस्साए परिजनों ने उसको सबक सिखाने के लिए पति को बहाने से जहरीला पदार्थ खिला दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। उसकी तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

एक साल पहले लव मैरिज की थी

सचेण्डी में रहने वाले राधेश्याम कुशवाहा की बेटी रेखा के इलाकाई निवासी विवेक से प्रेम संबंध थे। आरोप है कि घरवालों को इसका पता चला तो उन्होंने रेखा के घर से निकलने पर रोक लगा दी। उन्होंने रेखा को विवेक से शादी करने पर संबंध खत्म करने की धमकी दी थी, लेकिन रेखा ने घरवालों की मर्जी के बिना एक साल पहले विवेक से लव मैरिज कर ली थी। इसके बाद से वो पति के साथ रह रही थी।

बहाने से अपने साथ ले गए

उसका आरोप है कि 7 नवंबर की रात को उसके पिता और भाई घर आए थे। उन्होंने गुस्सा खत्म कर समझौता करने के लिए कहा तो वो खुशी से झूम उठी। इसके बाद वे बहाने से विवेक को अपने साथ ले गए। देर रात को विवेक घर आया तो वो बदहवास हालत में था। रेखा कुछ समझ पाती कि इससे पहले उसकी मौत हो गई। रेखा ने पिता और भाइयों पर विवेक को जहरीला पदार्थ खिलाने का आरोप लगाया है। इंस्पेक्टर मनोज कुमार सिंह के मुताबिक पीडि़ता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच में सच्चाई का पता चलेगा।