क्कन्ञ्जहृन्/ ष्ट॥न्क्कक्त्रन् : 'धार्मिक' बवाल मामले में वीडियो वायरल करने वाले मुख्य आरोपी ने पुलिस दबिश के कारण महाराष्ट्र के कल्याण जिला अंतर्गत एसएससी थाने में बुधवार को आत्मसमर्पण कर दिया। आरोपी को लाने के लिए छपरा से दो टीम मुंबई के लिए रवाना हो गई है। आरोपी को छपरा लाने के बाद कोर्ट में पेश किया जाएगा। बतातें चलें कि एक सप्ताह पूर्व मुख्य आरोपी मुबारक ने देवी-देवताओं के चित्र पर अश्लील हरकत वाली वीडियो और चित्र वायरल कर दिया था। इसके बाद से सारण में बवाल व आगजनी की घटना शुरू हो गई थी। मकेर से शुरू हुआ बवाल पूरे जिले में फैल गया। यहां तक कि छपरा के साहेबगंज में पुलिस को पिलेट गन से फायरिंग करनी पड़ी थी। 4000 से ज्यादा लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। कई दुकानों को जला दिया गया। पुलिस के साथ-साथ आमलोग भी घायल हुए। चार दिनों तक जिला पूरी तरह से अशांत था। बुधवार से जिले में जनजीवन सामान्य हुआ है।

मुख्य आरोपी मकेर थाना क्षेत्र के मकेर दक्षिण टोला निवासी मुबारक उर्फ सिपाही ने कल्याण जिला के एसएससी थाना में सरेंडर किया है। मोबाइल टावर लोकेशन के आधार पर मुंबई पुलिस के सहयोग से छापामारी शुरू कर दी गई थी। इसी बीच आरोपी ने पुलिस दबिश के कारण सरेंडर कर दिया।

- पंकज कुमार राज, पुलिस कप्तान, छपरा