बरेली। नगर निगम पहुंचे जिले के नोडल अफसर नवनीत सहगल ने स्मार्ट सिटी की हकीकत परखी तो दावे हवाई साबित हुए। गेट पर लिखा नगर निगम का हेल्पलाइन नंबर मिलाने पर जब नहीं लगा तो अफसरों से लेकर कर्मचारियों तक की फटकार पड़ी। नगर आयुक्त कायार्लय में जिलाधिकारी और नगर आयुक्त के साथ करीब 40 मिनट बैठक की। इस दौरान स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट की प्रगति रिपोर्ट देखी। सुस्त रिपोर्ट से नाखुश दिखे नोडल अफसर ने स्मार्ट सिटी के मुख्य अभियंता संजय चौहान को आड़े हाथ लिया कहा। प्रोजेक्ट पर केवल बजट खपाने का काम मत करो, धरातल पर भी कुछ कर दिखाओ।

सुबह दस बजे पहुंचे नगर निगम

सुबह करीब दस बजे नोडल अफसर नवनीत सहगल जैसे ही नगर निगम पहुंचे। अफसर से लेकर कर्मचारियों के बीच हड़कंप मच गया। कर्मचारी आनन.फानन में व्यवस्थाएं दुरुस्त करने में जुट गए। नगर निगम पहुंचते ही स्मार्ट सिटी को लेकर अफसरों से सवाल किए तो शहर की सफाई.व्यवस्था बेहतर करने का दावा और स्मार्ट सिटी योजना पर करोड़ों रुपये फूंकने वाले अफसर एक दूसरे की बगले झांकते दिखे। नगर निगम प्रशासन हर कदम पर फेल दिखाई दिया। हेल्पलाइन नंबर नहीं लगने से नाराज नवनीत सहगल ने कंट्रोल रूम प्रभारी व अतिक्त्रमण प्रभारी ललतेश कुमार सक्सेना को नगर आयुक्त कार्यालय में तलब कर लिया। फटकार लगाई कहा कि व्यवस्थाएं दुरुस्त नहीं हुई तो बाहर का रास्ता देखने के लिए तैयार रहना। जिलाधिकारी नितीश कुमार से स्मार्ट सिटी का खाका तैयार करने के साथ ही बंद पड़े सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट को चालू कराने को कहा।