- शाहपुर में सैनिक के घर में चोरी, सलाह देती रही पुलिस

- एसपी सिटी के निर्देश पर शाहपुर ने दर्ज की एफआईआर

GORAKHPUR:

घर में चोरी होने पर परेशान होने की जरूरत नहीं है। पुलिस को जानकारी देने के बजाय ट्विटर और व्हाट्सअप गु्रप पर दीजिए। यह सलाह शाहपुर पुलिस अपने क्षेत्र में पब्लिक को दे रही है। सैनिक के घर में हुई चोरी की सूचना पर पहुंची पुलिस ट्विटर पर शिकायत करने की बात कर लौट गई। बाद में एसपी सिटी के निर्देश पर शाहपुर थाना में चोरी का मुकदमा दर्ज हुआ।

सैनिक की फैमिली को सलाह दे चलते बने दो सिपाही

शाहपुर, फातिमा बाईपास राजनगर कॉलोनी निवासी आद्या प्रसाद का मकान है। कानपुर में डीएससी पद पर तैनात आद्या की फैमिली यहां रहती है। सोमवार सुबह साढ़े 11 बजे फैमिली मेंबर्स घर में ताला बंद करके चले गए। पौने एक बजे मकान मालकिन पहुंचीं तो गेट का ताला टूटा देखकर उनको शक हुआ। घर के भीतर दो कमरों का ताला तोड़कर चोरों ने डेढ़ लाख रुपए के गहने और पांच हजार की नकदी चुरा ली थी। महिला के भाई ने पुलिस को सूचना दी। तब दो सिपाही मौके पर पहुंचे। सिपाहियों ने कहा कि इसकी सूचना ट्विटर और व्हाट्सअप पर दे दीजिए। सलाह देकर सिपाही चलते बने। इसके बाद शाहपुर एसओ ने गुलरिहा का मामला बताया। फिर गुलरिहा के थानेदार ने शाहपुर की घटना बताकर मामला टरका दिया। इस चक्कर में परेशान महिला ने पति को जानकारी दी। सेना के कमांडेंट ने जब एसपी सिटी से बात की तो शाहपुर पुलिस हरकत में आई।