RANCHI: झारखंड में कोरोना पॉजिटिव तीसरा मरीज मिल गया है। तब्लीगी जमात से ताल्लुक रखनेवाली महिला कोरोना संक्रमित पाई गई है, जो बोकारो के चंद्रपुरा स्थित तेलो की है। बोकारो में रविवार को कोरोना पॉजिटिव मिली महिला दिल्ली के निजामुद्दीन के बजाय बांग्लादेश के तब्लीगी जमात मरकज में शामिल होकर लौटी थी। उसके साथ उसके पति समेत मोहल्ले के ही तीन दंपती बांगलादेश गए थे। जांच में बाकी की रिपोर्ट निगेटिव आई है, लेकिन अभी उन्हें क्वारेंटाइन में रखा गया है। महिला में संकमण की पुष्टि होने के बाद उसे बोकारो जनरल अस्पताल में बने कोरोना वार्ड में भर्ती किया गया है। इससे पहले रांची के हिंदपीढ़ी और हजारीबाग के विष्णुगढ़ में एक-एक मरीज कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें हिंदपीढ़ी से पकड़ी गई मलेशियाई महिला दिल्ली के निजामुद्दीन में तब्लीगी जमात मरकज में शामिल होकर लौटी थी। रांची में छिप कर रहने के दौरान उसे 24 लोगों के साथ एक मस्जिद से गिरफ्तार किया गया था।

चंद्रपुरा के 3 दंपती गए थे ढाका

बताया जाता है कि चंद्रपुरा प्रखंड के तीन दंपती बांग्लादेश के ढाका में हुए तब्लीगी जमात में शामिल होकर 15 मार्च को लौटे थे। तीनों जोड़ों की स्क्रीनिंग कराने के बाद प्रशासन ने उन्हें चास के जीजीईएस इंजीनियरिंग कॉलेज में बनाए गए क्वारेंटाइन सेंटर में रखा और इनके सैंपल को जांच के लिए रांची स्थित रिम्स भेजा था। रविवार को आई रिपोर्ट में उक्त महिला कोरोना पॉजिटिव मिली।

तीन किमी एरिया सील

बोकारो के उपायुक्त मुकेश कुमार ने बताया कि महिला समेत उसके साथ बांग्लादेश से लौटे सभी छह लोगों के संपर्क में आए लोगों की भी स्क्रीनिंग कराई जा रही है। महिला जिस घर में रहती थी उसके 3 किलोमीटर का क्षेत्र सील कर वहां के सभी लोगों की जांच की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। साथ ही सात किलोमीटर के क्षेत्र में बाहरी लोगों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

कब, कहां मिले मरीज

31 मार्च : रांची के हिंदपीढ़ी में ठहरी मलेशिया मूल की तब्लीगी महिला पाई गई संक्रमित।

02 अप्रैल : हजारीबाग के विष्णुगढ़ के एक व्यक्ति में मिला संक्त्रमण। पश्चिम बंगाल के आसनसोल से लौटा था।

05 अप्रैल : बोकारो के चंद्रपुरा के तेलो की महिला निकली कोरोना मरीज।

फिगर स्पीक्स

- 911 लोगों के सैंपल की जांच अबतक हुई है झारखंड में

- 727 लोगों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है, जबकि तीन लोगों में संक्रमण मिला है।

- 136 सैंपल रविवार को जांच के लिए रिम्स व एमजीएम भेजे गए। इनकी रिपोर्ट अभी नहीं आई है।

- 1,43,227 लोग अबतक राज्य में होम क्वारेंटाइन में रखे गए हैं।

- 14,228 लोग अस्पतालों में क्वारेंटाइन में रखे गए हैं।