गजल गायक भूपेंद्र शुक्ल की तहरीर पर क्राइम ब्रांच ने दिखाई संजीदगी, मामले की जांच शुरू

PRAYAGRAJ: गजल गायक को मोबाइल पर पाकिस्तान के नंबर से मिली धमकी के मामले में पुलिस ने गंभीर रुख अख्तियार कर लिया है। संजीदगी दिखाते हुए क्राइम ब्रांच ने मामले की रिपोर्ट सिविल लाइंस थाने में दर्ज करा दी है। जिस नंबर से धमकी दी गई है उसे भी सर्विलांस पर लगा कर क्राइम ब्रांच ने पड़ताल शुरू कर दिया है। हालांकि गायक की मानें तो नंबर पाक का जरूर है, पर आवाज पाकिस्तानी जैसे नहीं लग रही थी।

धमकी देने वाले की आवाज थी लोकल

झूंसी के छंगू मार्केट छतनाग रोड निवासी लक्ष्मी नारायण शुक्ल के बेटे भूपेंद्र शुक्ल गजल गायक हैं। तीन दिन पूर्व उनके मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले शख्स ने धमकी दी कि वह गायकी में बहुत हाथ न आजमाएं अन्यथा जान से हाथ धोना पड़ेगा। भूपेंद्र ने नंबर को देखा तो वह पाकिस्तान का था। यह देख उनके होश उड़ गए। उन्होंने मामले की शिकायत क्राइम ब्रांच से की। तहरीर मिलते ही क्राइम ब्रांच की टीम एक्टिव हो गई। तत्काल एसपी क्राइम ब्रांच आशुतोष मिश्र ने उनकी तहरीर पर सिविल लाइंस थाने में मुकदमा लिखवा दिया। इसके बाद दिए गए पाक नंबर को सर्विलांस पर लगाते हुए केस की जांच शुरू कर दी गई है। गायक की मानें तो कॉल करने वाले शख्स की आवाज लोकल लग रही थी।