- चंदन सिंह के नाम से की गई कॉल, पुलिस ने बताया फेक

GORAKHPUR: बदायूं जेल में बंद शातिर बदमाश चंदन सिंह के नाम से बड़हलगंज के डॉक्टर को धमकी मिली। डॉक्टर के मोबाइल पर फोन करने वाले ने 20 लाख रुपए की रंगदारी मांगी। डॉक्टर की सूचना पर पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी। तीन घंटे के भीतर पुलिस ने दावा किया कि डॉक्टर को चंदन के नाम से फर्जी कॉल की गई थी। पति-पत्‍‌नी के बीच विवाद में रंगदारी मांगने वाले को जल्द ही अरेस्ट कर लिया जाएगा।

ऑपरेशन थिएटर में थे डॉक्टर

बड़हलगंज कस्बे में डॉ। मनोज कुमार यादव का अस्पताल है। गुरुवार शाम करीब साढ़े चार बजे वह किसी पेशेंट का ऑपरेशन कर रहे थे। तभी उनके मोबाइल पर एक अंजान नंबर से कॉल आई। डॉक्टर ने कॉल रिसीव किया तो कॉलर ने खुद को चंदन सिंह बताया। हड़काते हुए 20 लाख रुपए की रंगदारी देने को कहा। रुपए न देने पर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी। चंदन का नाम सुनकर डॉक्टर के रोंगटे खड़े हो गए।

असलियत जानने पहुंचे सीओ

रंगदारी की धमकी मिलते ही डॉक्टर ने पुलिस को सूचना दी। मामला सामने आने पर एसडीएम गोला गौरव श्रीवास्तव और सीओ रघुनाथ प्रसाद मौके पर पहुंच गए। डॉक्टर से बात करके एसएसपी को मामले से अवगत कराया। धमकी वाले मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लेकर पुलिस ने पड़ताल शुरू कर दी। इसके पहले उरुवा के एक व्यापारी को चंदन सिंह के नाम से धमकी मिल चुकी है। तीन घंटे के भीतर पुलिस अधिकारियों ने दावा किया चंदन सिंह ने डॉक्टर को काल नहीं किया। डॉक्टर का उनकी पत्‍‌नी से विवाद चल रहा है। शहर के एक व्यक्ति ने डाक्टर को काल किया था।

वर्जन

डॉक्टर को धमकी देने के मामले की जांच की गई है। चंदन सिंह के काल करने के संबंध में कोई सबूत नहीं मिले। डॉक्टर का उनकी पत्‍‌नी से विवाद चल रहा है। काल करने वाले व्यक्ति की पहचान कर ली गई है।

- सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज,