-भाजपा कार्यकर्ता को फोन करने वाले ने खुद को आईएस का सदस्य बताया

-तहरीर के आधार पर थाना सरधना में मुकदमा दर्ज, पुलिस ने शुरू की पड़ताल

Meerut : भाजपा कार्यकर्ता और कपड़ा व्यापारी के फोन पर रविवार सुबह इंटरनेट कॉल से उसे और विधायक संगीत सोम को जान से मारने की धमकी दी गई। फोन करने वाले ने खुद को आतंकी संगठन आईएस का सदस्य बताया है।

सुबह करीब 10 बजे

सरधना के गांधीनगर निवासी शुभम जैन पुत्र राकेश जैन भाजपा कार्यकर्ता हैं। उनकी गंज बाजार में कपड़े की दुकान है। रविवार सुबह करीब 10 बजे उनके मोबाइल पर इंटरनेट कॉल आई। कॉल करने वाले ने गाली-गलौज की और खुद को आतंकी संगठन आईएस का सदस्य बताया। साथ ही शुभम को धमकी दी कि तुम्हें और विधायक संगीत सोम को उड़ा दिया जाएगा। उसने परिजनों और पार्टी कार्यकर्ताओं को जानकारी दी।

दर्ज किया केस

इसके बाद पार्टी कार्यकर्ता शुभम को लेकर थाने पहुंचे और तहरीर देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की। इंस्पेक्टर मनोज कुमार मिश्रा का कहना है कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। इस मौके पर भाजपा नगर अध्यक्ष विनोद जैन, चंद्रशेखर सोम, लोकेश, रक्षित गर्ग, ऋषभ जैन, महराज पठान, प्रमोद सक्सेना, अमित, मोहित मौजूद रहे।