JAMSHEDPUR : कदमा थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव विजया हैरिटेज निवासी फैक्टरी मालिक राजेश कुमार से फोन पर 20 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की गई थी और नहीं देने पर उनके बेटे को जान से मार देने की धमकी भी मिली थी। इस संबंध में कदमा थाने में आठ सितंबर को अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। इनमे सरायकेला- खरसावां जिले के आरआइटी थाना क्षेत्र निवासी उत्पल मंडल, रांची जिले के रातू रोड के नीरज उपाध्याय उर्फ रुदरा उर्फ ऋषभ और रांची रातू रोड पांड्रा के अमरावती कॉलोनी के आयुष कुमार शामिल हैं। कदमा थाना प्रभारी विनय कुमार और उनकी टीम का मामले के उद्भेदन में अहम भूमिका रही। एसएसपी अनूप बिरथरे ने अपने कार्यालय में शनिवार शाम पत्रकारों को यह जानकारी दी।

क्या है मामला

बताया कि राजेश कुमार आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित इफको मेटल कंपनी के मालिक है। इसी फैक्टरी में मुख्य आरोपित उत्पल मंडल के पिता रवि मंडल कर्मचारी है और मालिक के कार्यालय में ही कार्यरत है। उत्पल भी पिता के साथ ही फैक्टरी परिसर के आवास में रहता है। उसे मालिक की हर गतिविधि की जानकारी थी। इसी तरह एक अन्य आरोपित आयुष कुमार भी उसी फैक्टरी में काम करता था। कुछ दिन पहले उसने काम छोड़ दिया था। आदित्यपुर स्टील सिटी में काम कर रहा था। उत्पल ने ही रंगदारी मांगने की योजना बनाई थी। आठ सितंबर को राजेश कुमार को फोन पर धमकी दी थी। इस कार्य के लिये नीरज उपाध्याय और आयुष कुमार को रांची से बुलवाया था। सात सितंबर से लगातार फोन कर रहे थे। जिसके कारण राजेश कुमार परेशान हो गए। शिकायत के बाद पुलिस तफ्तीश में लगी रही। मामले में शामिल आरोपित पकड़े गए। जिस फोन और सिम से रंगदारी मांगी गई थी। उसे और एक बाइक बरामद की गई। बाइक आयुष कुमार की है। एसएसपी ने बताया कि रंगदारी के लिए जिस फोन का इस्तेमाल किया था। उसे फेंक दिया था। मोबाइल सिम को तोड़ दिया गया था।

ऐसे हुई अरेस्टिंग

रंगदारी मांगने और धमकी की शिकायत के बाद कदमा थाना प्रभारी विनय कुमार जांच में जुट गए। फैक्टरी मालिक से लेकर कई लोगों से पूछताछ की। पुराने वाद-विवाद को खंगाला। फैक्टरी में रहने वालों से भी पूछताछ की। इसी क्रम में उत्पल मंडल शक के दायरे में आ गया। उसे पुलिस ने उठाया। कड़ाई से पूछताछ की तो सबकुछ उसने उगल दिया।