- मुखबिर की सूचना पर सीओ ने चार दबोचे

- पुलिस ने मौके से बरामद की कटी हुई दो गाय

Meerut। मुखबिर की सूचना पर बुधवार को कोतवाली सीओ ने चार थानों की फोर्स के साथ लिसाड़ीगेट क्षेत्र के एक मकान पर छापा मारा। पुलिस ने वहां से दो कटी गायों के साथ मांस को बरामद किया। भाग रहे चार लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गो कटान मिलने पर क्षेत्र के लोगों ने हंगामा किया और क्षेत्रीय पुलिस पर मिलीभगत का आरोप लगाया।

मुखबिर ने दी सूचना

सीओ कोतवाली कुंवर रणविजय सिंह ने सूचना के आधार पर लिसाड़ीगेट क्षेत्र के ऊंचा मौहल्ला, सद्दीक नगर में रईसुद्दीन के मकान पर छापा मारा। सीओ के साथ लिसाड़ीगेट, ब्रह्मापुरी, नौचंदी कोतवाली थानों की पुलिस फोर्स थी। पुलिस फोर्स को देखकर क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। पुलिस को रईसुद्दीन के मकान के अंदर गो कटान होता मिला।

कटी मिली गाय

दो गाय मौके पर कटी अवस्था में पाई गई, जबकि भारी मात्रा में गोमांस रखा हुआ मिला। पुलिस को देखकर आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन भारी पुलिस फोर्स के चलते आरोपी भागने में कामयाब नहीं हो सके। पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। जिन्होंने पूछताछ में अपने नाम रईसुद्दीन, महराज, राशिद व इमरान बताए।

लोगों ने किया हंगामा

गोकटान की सूचना पर क्षेत्र के हिन्दू संगठन के लोगों ने जमकर हंगामा किया। उन्होंने लिसाड़ीगेट पुलिस पर कटान तस्करों के साथ मिलीभगत का आरोप लगाया। पुलिस ने मांस दबा दिया, जबकि आरोपियों को थाने ले आई। वहीं हिन्दू संगठन के लोगों का कहना है कि अगर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो वह पुलिस अधिकारियों का घेराव करेंगे।

गो कटान करते हुए चार लोगों को दबोच लिया गया है। आरोपियों के खिलाफ कड़ी धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।

-रणविजय सिंह, सीओ कोतवाली