आगरा। अलग-अलग हादसों में महिला समेत तीन की मौत हो गई। वहीं तीन लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

खेरागढ़ के जारूआ कटरा, कागारौल निवासी रविंद्र शर्मा रविवार शाम चार बजे पत्‍‌नी प्रियंका (24) और दो वर्षीय बेटे यश के साथ बाइक से सैंया में उठावनी में शामिल होने जा रहे थे। तेहरा के समीप पीछे से आए ट्रक ने उन्हें चपेट में ले लिया। हादसे में रविंद्र बाइक समेत दूर जा गिरे, जबकि ट्रक का पहिया प्रियंका के ऊपर से निकल गया। प्रियंका की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि यश भी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती करा दिया। हाईवे पर हादसे के बाद जाम लग गया। सूचना पर सीओ खेरागढ़ प्रदीप कुमार मौके पर पहुंच गये। पुलिस ने शव को हाईवे से हटवाकर जाम खुलवाया। रविवार देरशाम सीओ ने दो वर्षीय यश की मौत की पुष्टि की। उनके मुताबिक अस्पताल में उपचार के दौरान यश ने भी दम तोड़ दिया। वह दो बेटियों के बीच अकेला बेटा था।

वहीं खंदौली के पोइया निवासी उमेश पुत्र भगवानदास कोल्ड स्टोरेज में पल्लेदारी करता है। शनिवार की देररात को करीब 12 बजे किसी काम से बाइक पर खंदौली आया था। लौटते समय पीलीपोखर पर आलू से भरे ट्रैक्टर ट्रॉला ने टक्कर मार दी, जिससे उमेश की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रैक्टर-ट्रॉला को पुलिस ने जब्त कर लिया है। चालक की तलाशा जा रहा है।

इसके अलावा बाह बासौनी के सरूप पुर हरलालपुरा निवासी मंजीत अपने दोस्त संदीप के साथ बाइक से बाजार जा रहे थे। रास्ते में बोलेरो ने उन्हें चपेट में ले लिया। हादसे में दोनों दोस्त घायल हो गए। उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया है।