-कर्नलगंज थानाक्षेत्र स्थित दिलकुशा पार्क के पास दो लॉज में रहने वाले छात्रों के बीच हुई भिडं़त

-दो युवकों को लगा छर्रा, पिटाई से घायल हुआ कारपेंटर

PRAYAGRAJ: वर्चस्व की जंग में छात्रों के बीच मामला इतना आगे बढ़ा कि बम-गोली तक चल गई। मामला कर्नलगंज थानाक्षेत्र के दिलकुशा पार्क एरिया का है। घटना के दौरान गोली के छर्रे लगने से अहमद लॉज के छात्र बादल सिंह (20) व वकील मो। दाउद (27) घायल हो गए। उधर हमलावरों की पिटाई से दुकानदार जुनैद (22) को भी अंदरूनी चोटें आई हैं। सभी घायलों को पुलिस ने बेली हॉस्पिटल में एडमिट कराया था। बाद में इन्हें एसआरएन शिफ्ट कर दिया गया।

जुट गई भीड़

जानकारी के मुताबिक रविवार को कारपेंटर मोहम्मद जुनैद यहां अहमद लॉज में काम कर रहा था। इस बीच कुछ लड़के उसके पास पहुंचे और तत्काल यादव लॉज चलकर वहां काम करने के लिए कहने लगे। इस पर जुनैद ने कहा कि पहले यहां का काम खत्म कर लूं फिर चलता हूं। इस पर यादव लॉज के लड़के जबर्दस्ती करने लगे तो अहमद लॉज के लड़के भी अड़ गए। इसी मामले को लेकर दोनों पक्षों में गोली-बम तक चली। शोरगुल और बम के धमाके की आवाज सुनते ही लॉज में रहने वाले अन्य लड़के और आसपास के लोग भी घटनास्थल पर पहुंच गए। इन लोगों के वहां पहुंचने तक यादव लॉज के लड़के घटनास्थल से फरार हो चुके थे।

घटनास्थल से मिला जिंदा बम

लोगों ने आनन-फानन में इस घटना की सूचना कर्नलगंज पुलिस को दी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को इलाज बेली हॉस्पिटल में एडमिट कराया। वहीं जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से एक अदद जिंदा बम भी मिला। पुलिस ने मामले की जांच-पड़ताल के बाद अहमद लॉज में रहने वाले छात्रों से से पूछताछ की। इसके साथ ही यादव लॉज में रहने वालों से भी पूछताछ की है। पुलिस ने संदेह के आधार पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा वहां पर लगे सीसीटीवी की फुटेज निकलवा कर आरोपियों की पहचान की जा रही है। वहीं लॉज मालिक अशोक यादव से भी आरोपित छात्रों के बारे में पुलिस ने पूछताछ की।

वर्जन

गोली लगने से व पिटाई से घायल तीनों युवकों की हालत खतरे से बाहर है। तीनों से घटना की जानकारी ली गई है। घायल की तहरीर पर दो नामजद व दस अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट लिख कर आरोपितों की तलाश की जा रही है।

-सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज, एसएसपी प्रयागराज