Kanpur: कल्याणपुर में मंगलवार देर शाम असलहों से लैस बदमाशों ने पूर्व जिला पंचायत सदस्य के पति और उनके साथियों पर जानलेवा हमला कर दिया। वे लोग घर के पास रोड पर बात कर रहे थे कि तभी नकाबपोश हमलावरों ने उन पर करीब दस राउंड फायरिंग की। हमले में पूर्व जि.प। सदस्य के पति, उनके दो साथी और ड्राइवर गोली लगने से घायल हो गए। जिसमें पूर्व जि.प। सदस्य के पति की हालत नाजुक है।

 

दोस्तों के साथ कर रहे थे बात

कल्याणपुर में शिवली रोड कश्यप नगर निवासी अनुराग दुबे सिविल की ठेकेदारी करते थे। परिवार में पत्नी रीता, एक बेटा और एक बेटी है। रीता शिवली के भिखरू गांव से जिला पंचायत सदस्य रह चुकी है। अनुराग शाम को घर के बाहर तिराहे पर साथी राकेश सिंह, ड्राइवर अंशुल और दो अन्य साथियों के साथ बैठकर बात कर रहे थे। तभी असलहों से लैस तीन नकाबपोश बदमाश वहां पहुंच गए। अनुराग और उनके साथी कुछ समझ पाते कि इससे पहले उन लोगों ने फायरिंग शुरू कर दी। वे ताबड़तोड़ फायरिंग कर वहां से भाग गए। हमले में अनुराग, राकेश, ड्राइवर अंशुल और एक साथी गोली लगने से घायल हो गए। परिजन लहूलुहान हालत में उनको हैलट ले गए। इधर, इंस्पेक्टर और सीओ ने फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे तो वहां पर खून और खोखे पड़े हुए थे। एसपी पश्चिम और एसएसपी ने हैलट पहुंचकर घायलों से पूछताछ की। अनुराग की हालत गंभीर होने पर उनको रीजेंसी रेफर कर दिया गया।

 

भागने में बदमाशों का असलहा गिरा

हमलावरों ने अनुराग पर राइफल और रिवॉल्वर से गोली चलाई थी। सूत्रों के मुताबिक भागते समय बदमाशों की राइफल छूट गई। जो पुलिस ने बरामद कर ली है। बताया जा रहा है कि राइफल लाइसेंसी है। इससे पुलिस आसानी से हमलावरों तक पहुंच सकती है। हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।

 

रेकी के बाद हमला किया गया

अनुराग रोज घर के पास तिराहे पर साथियों के साथ बैठता था। वह शाम को दो से तीन घंटे बैठता था। वहां पर प्रापर्टी से लेकर राजनीतिक विषय पर चर्चा होती थी। अनुराग हमला करने का सबसे मुफीद जगह यही थी। तभी हमलावरों ने उस पर वहां पर हमला किया।

 

विकास दुबे का चचेरा भाई है

घायल अनुराग दबंग विकास दुबे का चचेरा भाई है। भाजपा मंत्री संतोष शुक्ला की हत्या में विकास का नाम आया था, लेकिन वह कोर्ट से बरी हो गए। विकास के छोटे भाई अविनाश की काकादेव में गोली मारकर हत्या की जा चुकी है। विकास इस समय जेल में बंद है। वह भी जिला पंचायत सदस्य रह चुका है।

 

प्रॉपर्टी, ठेकेदारी और चुनावी रंजिश

अनुराग सिविल ठेकेदारी के साथ ही प्रापर्टी का भी काम करता है। इसके अलावा उनकी चुनाव को लेकर भी रंजिश चलती है। अनुराग के भाई विकास के दुश्मन भी उससे रंजिश मानते हैं। पुलिस की शुरुआती पूछताछ में अभी यह नहीं पता चल सका कि अनुराग पर हमला क्यों किया गया। हमलावर की भी पहचान नहीं हो पाई है। एसएसपी अखिलेश कुमार का कहना है कि पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है।

Crime News inextlive from Crime News Desk