- तीन माह से भागने की कर रहा था तैयारी

- क्रिमिनल रिकॉर्ड पढ़ रहे पुलिस अधिकारी

GORAKHPUR:

आगरा के मेडिकल कॉलेज से फरार चंदन सिंह की गिरफ्तारी का जाल पुलिस बिछाने लगी है। जिले में उसके सक्रिय होने की आशंका में पुलिस अधिकारी ठोस कार्रवाई का प्लान तैयार कर रहे हैं। डी-9 गैंग के सरगना के बारे में हर पुलिस कर्मचारी को देने के लिए क्रिमिनल रिकार्ड खंगाला जा रहा है। एसएसपी ने कहा कि चंदन सिंह के मददगारों, जमानतदारों सहित अन्य लोगों का शिकंजा कसा जाएगा। जिले में उसकी सक्रियता कतई बढ़ने नहीं दी जाएगी।

उपचार न मिलने से था परेशान

बदायूं जेल में बंद गोरखपुर के कुख्यात चंदन सिंह का उपचार आगरा मेडिकल कॉलेज में चल रहा था। मंगलवार की शाम पुलिस वालों को चकमा देकर चंदन सिंह आसानी से फरार हो गया। अपनी नौकरी बचाने के चक्कर में दरोगा और सिपाहियों ने रात नौ बजे तक खुद उसकी तलाश की। मामला बिगड़ता देखकर पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। हार्डकोर क्रिमिनल के फरार होने की सूचना रात में डीजीपी मुख्यालय को दी गई। चंदन सिंह के फरार होने की सूचना से गोरखपुर पुलिस एक्टिव हो गई। मंगलवार की रात से ही पुलिस उसके जानने वालों की निगरानी शुरू कर दी। महकमे में चर्चा है कि फूलप्रूफ प्लान के तहत चंदन सिंह फरार हुआ है। इसके लिए वह करीब तीन माह से तैयारी कर रहा था। पेट की बीमारी बढ़ने से उसकी परेशानी बढ़ गई। संभावना जताई जा रही है कि उपचार कराने के बाद दोबारा एक्टिव हो जाएगा।

शिकंजा कसने को तैयार किया प्लान

पुलिस कस्टडी से फरार चंदन सिंह के दोबारा टेरर फैलाने की आशंका में पुलिस ने तैयारी शुरू कर दी है। गुरुवार को पुलिस अधिकारियों ने चंदन सिंह की गिरफ्तारी के लिए जाल बिछाने का प्लान रचा। पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ बैठक करके एसएसपी ने आवश्यक निर्देश दिए। चंदन सिंह की गतिविधियों की जानकारी न रखने वाले पुलिस अधिकारी डोजियर पढ़कर डिटेल जान रहे हैं। उसके जमानतदारों, रिश्तेदारों और मददगारों पर शिकंजा कसने के लिए अलग से पुलिस टीम लगा दी गई है। क्राइम ब्रांच के साथ-साथ चिलुआताल पुलिस को विशेष रूप से सक्रिय रहने के लिए कहा गया है।

सुरक्षा के लिए लगी कतार

रंगदारी, लूट, मर्डर, हत्या के प्रयास के लिए कुख्यात चंदन सिंह से प्रभावित लोगों ने एसएसपी से मिलकर सुरक्षा की गुहार लगाई है। पूर्व में चंदन सिंह के हमले के शिकार हुए कुछ लोगों की सुरक्षा बढ़ाने का आश्वासन पुलिस अधिकारियों ने दिया है। हालांकि अभी इस बात पर निर्णय नहीं हो सका है कि किसको, किस आधार सुरक्षा मुहैया कराई जाएगी। इन परिस्थितियों में लोकल पुलिस को अलर्ट रहने के लिए कहा गया है। माना जा रहा है कि उपचार कराने के लिए चंदन को रुपए की जरूरत पड़ेगी।

बॉक्स

चंदन गैंग हुआ नेस्तानाबूद

जिले में चंदन सिंह का पूरा गैंग ध्वस्त हो चुका है। उसके ज्यादातर साथियों के जेल में होने से पुलिस राहत महसूस कर रही है। पूर्व एसएसपी प्रदीप कुमार ने चंदन सिंह गैंग की कमर तोड़ दी थी। चंदन सिंह के रिश्तेदार, मददगार, जमानतदार सहित अन्य लोगों को गैंग में शामिल करके पुलिस ने जेल भेज दिया था। रंगदारी की रकम वसूलने के आरोप में पुलिस ने चंदन सिंह के एक अधिवक्ता पर कार्रवाई की थी।

वर्जन

चंदन सिंह को लेकर सतर्कता बरती जा रही है। उसे या उसके गैंग को एक्टिव नहीं होने दिया जाएगा। इसके लिए पुलिस ने काम शुरू कर दिया है।

अनंत देव, एसएसपी