-मुंबई आतंकी हमले की बरसी पर हुई शोक सभा

-हमलों में शहीद हुए जवानों को किया याद

ALLAHABAD: मुंबई में 26 नवम्बर 2008 को हुए आतंकी हमले की बरसी पर गुरुवार को शहर में कई स्थानों पर शोक सभा का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में लोगों ने हमले में अपनी जान गंवाने वाले शहीदों को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मां माधुरी वेलफेयर फाउण्डेशन की ओर से मुंबई के आतंकी घटना के विरोध में संदेश यात्रा का आयोजन किया गया।

शहीदों के जज्बे को सलाम

सिविल लाइंस में निकाली गई संदेश यात्रा अलग-अलग हिस्सों से गुजरते हुए सुभाष चौराहे पर पहुंची। जहां यात्रा में शामिल लोगों ने आतंकी घटना में शहीद हुए लोगों के प्रति अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर फाउण्डेशन के अध्यक्ष देवाशीष श्रीवास्तव ने कहा कि आज पूरा विश्व आतंकवाद के साये में दहशत है। इस भयानक दहशत गर्दी को समाप्त करने के लिए विश्व समुदाय को एकजुट होकर प्रयास करना चाहिए। शहर कांग्रेस कमेटी की ओर से मुंबई में हुए हमले में शहीद जवानों की याद में शोक सभा का आयोजन हुआ। जिसकी अध्यक्षता शहर अध्यक्ष उपेन्द्र सिंह ने की। उन्होंने कहा कि देश के जवानों ने जिस तरह जज्बे से आतंकवादियों का मुकाबला किया। वह एक मिसाल है, उन्होंने देश के लिए शहीद होकर ये साबित कर दिया कि देश ही सर्वोपरि है। संचालन शहर कांग्रेस उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता मो। असलम ने किया। राष्ट्रीय युवा क्रांतिकारी मोर्चा की ओर से भी मुंबई हमले के शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर मोर्चा की ओर से शहीद वॉल पर कैंडिल जलाया और दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। अध्यक्षता सुनील कुमार वर्मा ने की। कार्यक्रम में अतुल खन्ना, राकेश कुमार, अतुल तिवारी, अजीत सिंह, सुनील वर्मा समेत अन्य लोग मौजूद रहे।