- सिकंदरपुर के युवक फौज में भर्ती होने के लिए लगा रहे थे दौड़

- आक्रोशित ग्रामीणों ने लगाया जाम, चार घंटे थमे रहे वाहनों के पहिए

मथुरा। यमुना एक्सप्रेस-वे पर गुरुवार सुबह दौड़ लगा रहे गांव सिकंदरपुर के तीन युवकों को ट्रक ने कुचल दिया। आक्रोशित भीड़ ने पुलिस को शव नहीं उठाने दिया। चार घंटे एक्सप्रेस-वे पर यातायात ठप रखा। अधिकारियों के आश्वासन पर वे माने। आध घंटे बाद ट्रैफिक सुचारू हो सका।

भर्ती की तैयारी कर रहे थे

सुरीर कोतवाली क्षेत्र के गांव सिकंदरपुर निवासी शिवराज (20) पुत्र भीमसेन, गौरव (18) पुत्र हरिओम, प्रदीप (17) पुत्र कलुआ फौज में भर्ती की तैयारी कर रहे थे। सुबह करीब चार बजे गांव के ही सचिन और चंद्रपाल के साथ एक्सप्रेस-वे के माइल स्टोन 76 के पास दौड़ लगा रहे थे। इस बीच आगरा की तरफ जा रहे ट्रक ने तीनों को चपेट में ले लिया। सिर के ऊपर से पहिया निकलने के कारण तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। चालक ट्रक को लेकर भाग गया। साथियों ने गांव में जानकारी दी। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। एक्सप्रेस-वे पर जाम लगा दिया।

शव उठाने पर भड़के ग्रामीण

इंस्पेक्टर सुरीर बीएन सिंह और एसओ नौहझील संजय शुक्ला फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। लेकिन भीड़ ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए नहीं भेजने दिया। परिजनों को मुआवजा दिलाने पर अड़ गए। डीएम और एसएसपी को मौके पर बुलाने की मांग की। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद एसडीएम मांट वरुण पांडेय और सीओ मांट राकेश कुमार ने भीड़ को बमुश्किल समझाया। इस बीच यमुना एक्सप्रेस-वे प्राधिकरण ने जाम के चलते वाहनों को जेवर, खंदौली और मांट टोल प्लाजा पर ही रोक दिया। एसओ नौहझील ने बताया कि परिजनों ने एफआइआर में लिखाया है कि तीनों युवक आगरा जाने के लिए एक्सप्रेस-वे किनारे वाहन का इंतजार कर रहे थे। इसी बीच अज्ञात वाहन ने उन्हें कुचल दिया।