आगरा (ब्यूरो) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का 70 वाहनों का काफिला जिस ओवरब्रिज से होकर गुजरेगा, उसे पीडब्ल्यूडी डिपार्टमेंट ने कमजोर बताया है। इस ओवरब्रिज का निर्माण चार दशक से अधिक समय पहले कराया गया था। हर रोज दर्जनों ट्रेनें ओवरब्रिज के नीचे से होकर गुजरती हैं। इसके साथ ही रोजाना क्षमता से अधिक वाहन भी ओवरब्रिज से गुजरते हैं। इस ओवरब्रिज की जर्जर कंडीशन देख पीडब्ल्यूडी ने नवंबर 2019 में हिदायत दी। इसके लिए पीडब्ल्यूडी ने ओवरब्रिज के नीचे चेतावनी बोर्ड तो ऊपर जगह-जगह हैवी व्हीकल्स की एंट्री पर रोक के साइन बोर्ड लगाए हैं। हालांकि, इसके बाद भी इस ओवरब्रिज से हर रोज हैवी व्हीकल्स निकल रहे हैं।

जल्दबाजी में हो रही मरम्मत

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप का काफिला इसी ओवरब्रिज से होकर गुजरेगा। ऐसे में पीडब्ल्यूडी की ओर से आनन-फानन में इसकी रिपेयरिंग शुरू कर दी गई है। ओवरब्रिज के साइड में बने फुटपाथ तो पूरी तरह से जर्जर हो चुके हैं। मंडे को पुल पर रंगाई-पुताई के साथ रिपेयरिंग वर्क भी कराया गया। इसके साथ ही ओवरब्रिज के आसपास सौन्दर्यीकरण की जिम्मेदारी एडीए और पीडब्ल्यूडी के निगम को सौंपी गई है।

दीवारों पर हुआ येलो कलर

दो बजे खेरिया मोड़ से लेकर माल रोड तक दैनिक जागरण आईनेक्स्ट की टीम ने रियलिटी चेक किया। रास्ते में पड़ने वाली दुकान और मकानों को येलो रंग में रंगा जा रहा था। दुकानों के नाम भी एक ही रंग में किए जा रहे थे। इसके साथ ही रास्ते में टोरंट पावर द्वारा भी वायरों को ठीक किया गया। ईदगाह बस स्टैंड के पास रोड पर रिपेयरिंग का काम हो रहा था। मेन रोड से अतिक्रमण भी हटाया गया। इस दौरान पुलिस की टीम भी मौजूद रही।

'पीडब्ल्यूडी डिपार्टमेंट ने जिस रेलवे ओवरब्रिज को कमजोर बताया है, उसको एक बार चेक करने के आदेश जिम्मेदार अधिकारियों को दे दिए गए हैं।'

- अनिल कुमार, कमिश्नर