- सोमवार को शुरू हुए गंगा सफाई के महाभियान में जुटे हजारों लोग

- 12 किलोमीटर तक गंगा की गई साफ, 21 घाट हुए चमाचम

KANPUR : होली पर लोगों को गंगा का तट साफ सुथरा मिले इसके लिए सोमवार को सफाई का मेगा अभियान चलाया गया। प्रशासन ने सामाजिक संस्थाओं, स्कूल-कॉलेज के बच्चों और कानपुराइट्स को साथ लेकर 12 किलोमीटर तक गंगा को साफ किया। मंडे की सुबह हजारों लोगों का कारवां गंगा के विभिन्न घाटों पर पहुंच गया। गंगा बैराज पर उपस्थित लोगों को सम्बोधित करते हुए डीएम कौशलराज शर्मा ने कहा, इस विशेष सफाई अभियान से यह संदेश जाएगा कि कानपुराइट्स गंगा नदी को स्वच्छ करने की दिशा की ओर बढ़ चले हैं। एसएसपी शलभ माथुर ने कहा कि बिना जन जागरूकता के किसी भी अभियान को सफल नहीं बनाया जा सकता है। नगर आयुक्त डीके सिंह कुशवाहा ने किसी प्रकार की गंदगी व पॉलीथीन को गंगा में प्रवाहित न करने को कहा।

21 घाटों की हुई सफाई

सफाई अभियान गंगा बैराज घाट से वाजिदपुर घाट तक के 21 घाटों पर लगभग 12 किलोमीटर की दूरी तक चलाया गया। कानपुर नागरिक मंच ने सत्तीचौरा सहित आसपास के घाटों में सफाई अभियान चलाया। पद्मश्री डॉ। गिरिराज किशोर, छोटे भाई नरोना, सुरेश गुप्ता, जगदम्बा भाई, मदन भाटिया, मनोज सेंगर आदि रहे।

इन्होंने भी दिया सहयोग

अभियान में जिला प्रशासन, सिविल डिफेन्स, गायत्री परिवार, अविरल विश्व गंगा अभियान, नेहरू युवा केन्द्र, स्काउट एण्ड गाइड, परिवर्तन संस्था, बीएनएसडी विद्यालय, सुभास स्कूल, मानव सेवा दल, श्रमिक भारती आदि का भी सहयोग रहा। सफाई के दौरान उपस्थित लोगों द्वारा मानव श्रृंखला भी बनाई गई।

यह रहे सरकारी इंतजाम

- 12 किमी। गंगा को छह जोन और 12 सेक्टर में बांटा गया

- प्रत्येक सेक्टर में 100 सफाई कर्मी व 2 सेनेटरी इंस्पेक्टर

- नगर निगम के 1200 सफाई कर्मी, 24 सेनेटरी इंस्पेक्टर, 06 जोनल स्वच्छता अधिकारी, 06 जोनल अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई।

- कूड़ा उठान के लिए 30 वाहन की घाटों पर लगाए गए