- दुर्घटना में मृत बंगाल का प्रवासी मजदूर भी मिला कोरोना संक्रमित

- धनबाद सदर अस्पताल के दो लैब तकनीशियन भी पॉजिटिव

- राज्य में अब 258 सक्रिय मरीज, 176 लोग हो चुके हैं स्वस्थ

रांची : राज्य में कोविड-19 के मरीजों का मिलना लगातार जारी है। मंगलवार को भी यहां 29 नए मरीज मिले। गुमला में छह, पश्चिमी सिंहभूम में चार, गढ़वा, हजारीबाग, पूर्वी सिंहभूम तथा धनबाद में तीन-तीन, कोडरमा व खूंटी में दो-दो और रांची, पलामू तथा लोहरदगा में एक-एक नए मरीज मिले। इससे राज्य में सक्रिय केस की संख्या बढ़कर 258 हो गई है। मंगलवार को हजारीबाग में पांच मरीज स्वस्थ भी हुए हैं।

ज्यादातर प्रवासी मजदूर

सभी संक्रमित मरीजों में अधिसंख्य प्रवासी मजदूर हैं। रांची के रिम्स में भर्ती प्रवासी मजदूर कोरोना संक्रमित निकला। महाराष्ट्र से कोलकाता जाने के क्रम में बस के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद इसे रिम्स में भर्ती किया गया था, जहां उसकी मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग ने इस मौत को राज्य के खाते में नहीं जोड़ा है। वहीं, धनबाद सदर अस्पताल के भी दो लैब तकनीशियन संक्रमित मिले। तीसरी मरीज धनबाद के ही सिंदरी की छात्रा है, जो संक्रमित पाई गई है। पश्चिमी सिंहभूम के तीनों मरीज भी प्रवासी मजदूर हैं, जो मनोहरपुर के रहने वाले हैं तथा पिछले दिनों बाहर से लौटे थे। कोडरमा में मिले दो संक्रमित भाई-बहन हैं और हाल ही में मुंबई से परिवार के साथ लौटे हैं। बता दें कि राज्य में अब तक कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 437 तक पहुंच गई है। हालांकि, इनमें 176 मरीज स्वस्थ हुए हैं।

-----------------