जुमे की नमाज के बाद किया था नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में उपद्रव

पुलिस पर चलाई गई थी गोलियां, किया गया था पथराव, घायल हुए थे पुलिसकर्मी

हिंसा मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, फायरिंग करने वाले उपद्रवियों पर घोषित किया इनाम

- जल्द ही अन्य आरोपियों के खिलाफ भी इनाम घोषित करने की तैयारी में अधिकारी

Meerut । नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में मेरठ में हिंसा और पुलिस पर फायरिंग करने वाले तीन उपद्रवियों के खिलाफ बीस-बीस हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। वीडियो और फोटो में जो पुलिस पर गोली चलाते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं, उनके ऊपर इनाम घोषित किया है। एसएसपी के मुताबिक अन्य आरोपियों पर भी इनाम घोषित किया जाएगा।

एक्शन मोड में अधिकारी

बीस दिसंबर को जुमे की नमाज के बाद पूरे शहर में बवाल हो गया था। नागरिकता संशोधन बिल के विरोध में उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव फायरिंग और आग जनी तक कर दी थी। इस्लामाबाद पुलिस चौकी को भी फूंक दिया था। कई वाहनों में आगजनी कर दी गई थी। इसमें कई पुलिसकर्मी जख्मी हो गए थे। इस मामले में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज वायरल की थी, जिसमें गोली चलाते हुए उपद्रवी साफ दिखाई दे रहे थे। इन उपद्रवियों के खिलाफ पुलिस ने नौचंदी, कोतवाली, ब्रहमपुरी और लिसाड़ी गेट थाने में मुकदमा कायम किया था। एसएसपी ने तीन उपद्रवियों पर 20-20 हजार रूपये का इनाम घोषित किया है, जो वीडियो में गोली चलाते हुए साफ दिखाई दे रहे है। पुलिस को जिम्मेदारी दी है कि इनको जल्द गिरफ्तार किया जाए। जल्द अन्य आरोपियों पर भी इनाम घोषित किया जाएगा।

लगाएंगे एनएसए

एसएसपी अजय साहनी ने शहर के सभी थाना प्रभारियों की आवास पर मीटिंग ली। एसएसपी ने लिसाड़ी गेट, ब्रह्मपुरी, नौचंदी, कोतवाली इंस्पेक्टर से कहा कि उपद्रवियों की फोटो और वीडियो से आरोपियों की पहचान की जाए और इनकी जल्द गिरफ्तारी की जाए। इसी के साथ-साथ उन्होंने एनएसए लगाने के भी आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि गिरफ्तारी में कोई भी लापरवाही की तो थाना प्रभारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इन्होंने कहा

वीडियो फुटेज और फोटो में जो तीन उपद्रवी पुलिस पर गोली चलाते हुए दिखाई दे रहे हैं। उनके खिलाफ बीस-बीस हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया है। इनकी गिरफ्तारी के लिए आदेश दिए हैं, जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

अजय साहनी

एसएसपी