RANCHI: बहन के साथ कमरे में देखा तो बर्दाश्त नहीं हुआ और बबलू मुंडा की हत्या कर डाली। यह कहना है गुरुवार की रात बरियातू थाना क्षेत्र स्थित नया टोली में बबलू मुंडा हत्याकांड में गिरफ्तार आरोपी रोहित मुंडा उर्फ बिट्टू का। पुलिस ने चार घंटे के अंदर हत्याकांड का खुलासे करते हुए रोहित मुंडा व सूरज मुंडा दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से हत्या के लिए इस्तेमाल बाइक का शॉकर भी बरामद किया गया है। सिटी एसपी अमन कुमार ने शुक्रवार को प्रेस कान्फ्रेंस में हत्याकांड का खुलासा किया। कहा कि मृतक बबलू और आरोपी रोहित की बहन का प्रेम संबंध था। इसको लेकर कई बार दोनों के बीच मारपीट भी हो चुकी थी। गुरुवार की रात भी आरोपित रोहित ने बबलू को रंगेहाथ अपने घर में पकड़ लिया था। इसके बाद आक्रोश में आकर बबलू मुंडा की हत्या कर शव को सड़क किनारे फेंक दिया। छापेमारी टीम में सदर डीएसपी डीके पांडेय, बरियातू इंस्पेक्टर अजय कुमार केशरी, एसआई शंभू प्रसाद, बिरसा उरांव, सुनिल कुमार सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

क्या है मामला

सिटी एसपी ने कहा कि मृतक बबलू मुंडा बर्थडे पार्टी मनाने की बात कहकर गुरुवार की रात घर से निकला था। यहां से वह सीधे अपनी प्रेमिका व रोहित की बहन के घर पहुंचा। दोनों कमरे में अकेले थे। इसी बीच रोहित को बबलू के घर में होने की जानकारी मिल गई। रोहित दोस्तों के साथ बैठकर शराब पी रहा था। दोस्त सूरज के साथ घर पहुंचा, तो दोनों को एक साथ पाया। इसके बाद पहले पत्थर से वार किया। फिर बाइक के शॉकर से सिर पर वार कर दिया। इससे मौके पर ही बबलू की मौत हो गई। फिर साक्ष्य छिपाने के लिए उसके शव को घर से बाहर निकाल कर रोड पर फेंक दिया।