शहर में बदमाशों के लिए साफ्ट टारगेट बन गए हैं ज्वैलर्स

दो साल में हुई लूट की एक भी घटना का नहीं हो सका खुलासा

मेरठ के सर्राफा बाजार में दूर-दराज से आते हैं सर्राफा कारोबारी

Meerut। शहर में ज्वैलर्स इन दिनों बदमाशों के सबसे साफ्ट टारगेट बन गए हैं। आंकड़ों की मानें तो बीते दो साल में बदमाशों ने ज्वैलर्स ने तकरीबन दो करोड़ रुपये का सोना लूट लिया है। बावजूद इसके, पुलिस इन बदमाशों पर कोई कार्रवाई नहीं कर पाई है। इन दो साल में किसी भी सोना लूट की घटना का खुलासा न होने पर शहरभर के ज्वैलर्स में खासी नाराजगी है।

साफ्ट टारगेट बने ज्वैलर्स

हालत यह है कि शहर के सर्राफा बाजार में दूर-दराज से सर्राफा व्यापारी आते हैं। उनकी आवाजाही पर बदमाश नजर रखते हैं। यही नहीं, शहर के सर्राफा व्यापारियों को भी बदमाश आसानी से निशाना बना लेते हैं। व्यापारियों का कहना है कि सुरक्षा को लेकर कई बार पुलिस अधिकारियों से कहा गया, लेकिन नतीजा सिफर रहा।

नहीं खुली एक भी घटना

गौरतलब है कि बीते दो साल से ज्वैलर्स के खिलाफ बढ़ी लूट की घटनाओं से व्यापारियों में नाराजगी है। उनका कहना है कि पुलिस की लापरवाही के चलते सर्राफ बदमाशों के निशाने पर आ गए हैं। सर्राफा कारोबारी विजय आनन्द अग्रवाल ने बताया कि ज्वैलर्स के साथ हुई लूटपाट की एक भी घटना का खुलासा अभी तक नहीं किया गया है।

ये हो चुकी हैं घटनाएं

24 अक्टूबर 2019

सुरेश चंद से चार सौ ग्राम सोना लूट लिया गया था। इसका मुकदमा जीआरपी में दर्ज कराया गया था। लूटे गए सोने की कीमत 1564000 है।

18 अक्टूबर 2019

विपिन कुमार शर्मा के साथ 246 ग्राम सोना लूट लिया था। इसका मुकदमा देहली गेट थाने में दर्ज कराया गया था। इसकी कीमत 625000 है।

3 अक्टूबर 2019

सर्राफा व्यापारी अनिल कुमार वर्मा से 1700 ग्राम चांदी एक लाख तीस हजार रूपये कैश लूट लिए थे। इसमें 208710 रूपये का नुकसान व्यापारी को हुआ था। देहली गेट थाने में मुकदमा कायम किया गया था।

16 अगस्त 2017

कृष्ण अवतार अग्रवाल से बदमाशों ने 200 ग्राम सोना और दो लाख रूपये लूटे थे। मुकदमा देहली गेट थाने में कायम कराया गया था। बदमाशों ने कुल 982000 लूट की वारदात को अंजाम दिया था।

23 जुलाई 2017

राजेश मलिक से बदमाशों ने पांच सौ ग्राम सोना और एक किलो चांदी लूट ली थी। इस मामले का मुकदमा देहली गेट थाने में दर्ज कराया गया था। बदमाशों ने कुल लागत 2001300 का नुकसान पहुंचाया था

8 मई 2017

सुशील वर्मा से 85 ग्राम सोना लूटा गया था। इस मामले का मुकदमा कोतवाली थाने में दर्ज कराया गया था। बदमाशों ने कुल 332350 का नुकसान पहुंचाया था।

11 मार्च 2017

मुकेश रस्तोगी से 652 ग्राम सोना लूट लिया गया था, जिसकी कीमत 2576690 है। इस मामले का मुकदमा भी देहली गेट थाने में दर्ज है।

25 जनवरी 2017

बृजमोहन मोदी से दो लाख 82 हजार रूपये की लूट हो गई थी। इस मामले का मुकदमा देहली गेट थाने में कायम है।

25 जनवरी 2017 को अक्षय जैन से लूटपाट की गई थी, इस मामले का मुकदमा भी कायम है।

10. 17 जुलाई 2019 को बांके बिहारी अग्रवाल से परतापुर में 2302000 लूट लिया था।

11. आठ अगस्त 2019 को रंजीत बेरा से 1285 ग्राम सोना और पंद्रह हजार रूपये लूट लिया था। इसका मुकदमा आगरा में कायम कराया गया था। इसकी कीमत 5039350 है।

इन्होंने कहा

सर्राफा कारोबारियों के साथ जो घटनाएं हो रही है। उसे रोकने के लिए पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। बदमाशों की धरपकड़ के लिए टीमों का गठन किया गया है।

डॉ। अखिलेश नारायण सिंह, एसपी सिटी

भड़के व्यापारी तो दर्ज हो गया मुकदमा

शहर में ज्वैलर्स के साथ बढ़ते लूट के मामलों से व्यापारियों में नाराजगी है। पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। बीते दिनों जिला अस्पताल के सामने उत्तराखंड के ज्वेलर के साथ 300 ग्राम सोने की लूट की घटना को पुलिस फर्जी बता रही थी। लेकिन दबाव बढ़ने पर पीडि़त व्यापारी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस द्वारा घटना को फर्जी बताने के मामले पर व्यापारियों में नाराजगी थी। बुधवार सुबह 10 बजे व्यापारियों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान सीओ कोतवली, एसओ रविंद्र सिंह और साइबर सेल की टीम भी व्यापारियों के बीच पहुंच गई। यहां व्यापारियों की पुलिस से तीखी नोकझोंक हो गई।

ये था मामला

गौरतलब है कि मंगलवार को उत्तराखंड के सर्राफा व्यापारी से जिला अस्पताल के सामने लूट हुई थी। बदमाशों ने पुलिस चेकिंग के नाम पर व्यापारी से 300 ग्राम सोना तकरीबन 12 लाख रुपये का लूट लिया था। पीडि़त व्यापारी ने इस मामले की जानकारी मेरठ बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों को जानकारी दी। हालांकि, पहले पुलिस ने इस मामले को फर्जी बताया था.इस पर व्यापारी रात को ही आक्रोशित हो गए थे।

सर्राफा बाजार में हंगामा

बुधवार को सर्राफा बाजार खुलते ही व्यापारी एकत्र हो गए थे। व्यापारियों का कहना था कि पुलिस की लापरवाही के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा। जैसे ही पुलिस को थाना घेराव के बारे में जानकारी हुई तो सीओ कोतवाली दिनेश शुक्ला, एसओ देहली गेट रविंद्र सिंह समेत कई थानों का फोर्स सर्राफा बाजार में पहुंच गए। इस पर व्यापारियों और पुलिस के बीच नोकझोंक हो गई। व्यापारियों का कहना था कि पुलिस अपनी नाकामी छिपाने के लिए व्यापारी को भी फर्जी सूचना देने वाला बता रही है। सीओ कोतवाली दिनेश शुक्ला ने कहा कि मंगलवार को इस घटना की तहरीर नहीं आई थी। बुधवार को तहरीर आई तब मुकदमा दर्ज किया गया.घटना के खुलासे के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है।

व्यापारियों ने दिया अल्टीमेटम

सर्राफा व्यापारियों ने आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस प्रशासन को गुरुवार शाम तक का समय दिया है। व्यापारियों के मुताबिक यदि आरोपी नहीं पकड़े गए तो आंदोलन किया जाएगा।

बदमाशों की फोटो वायरल

सर्राफा व्यापारियों ने लूटपाट करने वाले कुछ बदमाशों की सीसीटीवी फुटेज से फोटो काटकर भी वायरल कर दी है ताकि आरोपी पकड़े जाएं, दरअसल 24 अक्टूबर 2019 सुरेश चंद से चार सौ ग्राम सोना लूट लिया गया था। इसका मुकदमा जीआरपी में दर्ज कराया गया था। लूटे गए सोने की कीमत 1564000 है। यह आरोपी सीसीटीवी में कैद हो गए थे। पुलिस प्रशासन से इन आरोपियों को पकड़े जाने की मांग की है।