पुलिस की गिरफ्त में आए दो आरोपी

पता पूछने के बहाने कर रहे थे ठगी

BAREILLY: भाई साहब, मजार कहां पड़ेगी। आपके बुरे दिन चल रहे हैं। आपकी मां की तबियत खराब हैहम सब ठीक कर देंगे। कुछ इसी तरह की बातें कर लोगों को हिप्नोटाइज कर ठगी करने वाले दो भाइयों को कुतुबखाना एरिया से पकड़ा गया है। वह बदायूं के रहने वाले फिरासत अली को अपना शिकार बना रहे थे, लेकिन फिरासत ने शक होने पर शोर मचा दिया। कोतवाली पुलिस दोनों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है। कुछ दिनों पहले भी इसी तरह की ठगी का मामला सामने अाया था।

दोनों आरोपी हैं भाई

फिरासत अली सिकौरा दातागंज, बदायूं का रहने वाला है। वह कुतुबखाना मार्केट में खरीदारी करने आया था। इसी दौरान उसे दो युवक मिले और मजार का पता पूछने के बहाने अपने जाल में फंसाने लगे। शक होने पर फिरासत ने शोर मचा दिया। पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपियों के नाम बादशाह और जाबिर हैं। दोनों सगे भाई हैं और दोनों ने अपना पता विजयनगर गाजियाबाद बताया है। उनके पास से सोने की ज्वैलरी भी मिली है, जिससे शक है कि वे पहले भी किसी को अपना शिकार बना चुके होंगे। वहीं आरोपियों का कहना है कि दोनों नगीना बेचने का काम करते हैं। उन्होंने सिर्फ मजार का पता पूछा था लेकिन युवक ने कहा कि इसी तरह से पहले भी मजार का पता पूछकर ठगी हुई है और उन्हें पकड़वा दिया।