श्रीनगर (आईएएनएस)जम्मू-कश्मीर के उरी में नियंत्रण रेखा के पास पाकिस्तान द्वारा संघर्ष विराम उल्लंघन में घायल हुए तीन भारतीय सैनिकों में से दो की मौत हो गई है। सेना ने शनिवार को एक आधिकारिक बयान में इस बात की जानकारी दी है। सेना ने कहा, 'शुक्रवार को रामपुर सेक्टर में पाकिस्तान द्वारा संघर्ष विराम का उल्लंघन किया गया। दुर्भाग्य से, दो सैनिकों ने अपनी चोटों के कारण दम तोड़ दिया। सेना ने उनके सर्वोच्च बलिदान को सलाम किया है।' पुंछ के मनकोट सेक्टर में पाकिस्तानी गोलाबारी में एक नागरिक मारा गया था। इसके एक बाद शुक्रवार को संघर्ष विराम का उल्लंघन किया गया।'

गोलीबारी में एक नागरिक की हुई थी मौत

गुरुवार को 16 वर्षीय गुलफराज की मौत हो गई थी, जबकि 35 वर्षीय एक अन्य नागरिक भी पाकिस्तानी गोलीबारी में घायल हो गया था। बता दें कि एलओसी पर पाकिस्तान की ओर से संघर्ष विराम उल्लंघन में तेजी आई है। पाकिस्तान एलओसी पर कश्मीर घाटी और जम्मू क्षेत्र में रक्षा चौकियों और नागरिक क्षेत्रों को निशाना बनाता रहा है। इससे पहले पाकिस्तानी सेना ने पिछले हफ्ते शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में एलओसी के पास चौकियों व गांवों पर जमकर गोलाबारी की थी। एक रक्षा प्रवक्ता ने कहा, 'इस गोलीबारी के जवाब में भारतीय सेना ने जवाबी कार्रवाई की। लगभग सुबह 11:30 बजे पाकिस्तान सेना ने राजौरी के नौशेरा सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास छोटे हथियारों और मोर्टार से गोलाबारी कर अकारण संघर्ष विराम का उल्लंघन शुरू किया।'

National News inextlive from India News Desk