लॉकडाउन तोड़ने वालों पर कसेगा कानूनी शिकंजा

वाहनों को सीज और चालान भी कर रही है पुलिस

Meerut । कानूनी शिकंजा और डंडा लगने के बावजूद भी लोग सड़कों पर आने से बाज नहीं आ रहे है। अनावश्यक रूप से सड़कों पर घूम रहे है हालांकि, इन पर पुलिस कार्रवाई कर रही है। घंटाघर, कोटला बाजार, वैली बाजार में अब दो पहिया वाहनों पर भी जाने पर रोक लगा दी गई है। शहर में हर प्वाइंट पर लॉकडाउन की धज्जियां उड़ाई जा रही है, इनके खिलाफ कार्रवाई भी की जा रही है। वाहनों को सीज करने से लेकर मुकदमे दर्ज हो रहे हैं। इसके बाद भी लोग सड़कों पर आना नहीं छोड़ रहे है। रोजाना इनके खिलाफ कार्रवाई हो रही है।

पुलिस ने फटकारी लाठियां

बेगमपुल पर लॉकडाउन में बेवजह घूम रहे लोगों पर पुलिस ने लाठियां फटकारीं। इसके बावजूद भी लोग बाज नहीं आ रहे है। बच्चा पार्क पर भी पुलिस ने अनावश्यक रूप से घूमने वालों के खिलाफ डंडा चलाया। देहली गेट में पुलिस ने जबरदस्त सख्ती की है। खैरनगर के आसपास वैली बाजार, कोटला में अब दो पहिया वाहन पर भी रोक लगा दी गई है। किसी प्रकार की ई रिक्शा और रिक्शा पर भी पूर्णत प्रतिबंध है। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं करने वाले दुकानदारों पर भी सख्त कार्रवाई की बात कही है। सीओ कोतवाली दिनेश शुक्ला ने इन इलाकों का निरीक्षण किया।

सख्त अभियान चलाया

बागपत अड्डे पर भी लॉकडाउन की धज्जियां उड़ाने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्ती से अभियान चलाया। इसके साथ ही हापुड़ अड्डे पर सीओ समेत कोतवाली और नौचंदी और लिसाड़ी गेट पुलिस ने लॉक डाउन का सख्ती से पालन कराया। पूरे शहर में सख्ती बरती जा रही है। अनावश्यक रूप से जो भी सड़क पर घूम रहा है उसका चालान और वाहन सीज और मुकदमे की कार्रवाई पुलिस के द्वारा की जा रही है।

इन्होंने कहा

लॉक डाउन का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी है। इनके वाहनों को सीज, चालान और मुकदमे भी दर्ज हो रहे हैं।

डॉ। अखिलेश नारायण सिंह, एसपी सिटी