करैली में युवक तो शिवकुटी एरिया में युवती ने लगाई फांसी

बीमारी से परेशान था युवक, युवती की मौत का कारण स्पष्ट नहीं

PRAYAGRAJ: शहर के शिवकुटी एरिया में विनीता गौतम (22) तो करैली में राजू निषाद (32) ने फांसी लगा कर खुदकुशी कर ली। वेल्डिंग का काम करने वाले युवक की आंख खराब हो गई थी। इलाज के बावजूद आराम नहीं होने से वह काफी खिन्न था। परिजन सुसाइड की यही वजह मान रहे हैं। युवती की मौत का कारण पुलिस तो दूर परिजनों को भी नहीं पता। पुलिस ने दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मई में आनी थी बारात

शिवकुटी एरिया स्थित मेहंदौरी के कांशीराम कॉलोनी निवासी धनीराम गौतम की चार बेटी व एक पुत्र है। इनमें विनीता सबसे बड़ी थी। बताते हैं कि मई में विनीता की शादी होने वाली है। परिवार के सभी लोग तैयारी में जुटे थे। बुधवार रात उसने कॉलोनी के कमरे में साड़ी के सहारे सीलिंग फैन के चुल्ले से फांसी लगा लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

दिल्ली में भी नहीं मिला आराम

सुसाइड की दूसरी घटना करैली थाना क्षेत्र के बरेंदा मोहल्ले की है। महंगू उर्फ केशन के दो पुत्र व एक पुत्री है। पुत्रों में राजू निषाद छोटा था। वह पास में ही वेल्डिंग का काम करता था। बताते हैं कि इस काम से उसके आंख की रोशनी खराब हो गई। दिल्ली तक इलाज कराने के बावजूद कोई रिस्पांस नहीं मिला। इससे वह काफी खिन्न रहता था। गुरुवार सुबह घर के पास आम के पेड़ में रस्सी के सहारे उसका शव लटकता मिला। माना जा रहा है कि बीमारी की वजह से ही उसने खुदकुशी की होगी।