आगरा। आखिरकार ढाई साल बाद हुए योगी कैबिनेट के विस्तार में फतेहपुरसीकरी के विधायक चौधरी उदयभान सिंह और छावनी के विधायक डॉ। जीएस धर्मेश को स्थान मिला है। जब आगरा को कैबिनेट में स्थान देने की बात आई तो दो दो मंत्री बना दिए हैं। दोनों ही विधायकों के समर्थकों में जबरदस्त उत्साह है।

चौधरी उदयभान सिंह की ये होंगी प्राथमिकताएं

मंत्री पद की शपथ लेने के बाद चौधरी उदयभान सिंह ने फोन पर वार्ता करते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने की जो पार्टी की इच्छा है, उसमें पूरा सहयोग देना होगी। इसके साथ ही आगरा का निवासी होने के नाते से बैराज, हाईकोर्ट बैंच और एयरपोर्ट और मेट्रो का कार्य समय पर पूरा हो ये मेरी प्राथमिकताएं होंगी। वहीं फतेहपुरसीकरी का विधायक होने के नाते मेरा पूरा प्रयास रहेगा कि रुनकता, पश्चिमाई और सींगना मथुरा वृंदावन की तरह बतौर तीर्थ स्थल के रूप में विकसित हो सके। उन्होंने बताया कि इसके लिए ढाई साल होम वर्क किया है। इधर खानवा के मैदान में लाइट एण्ड साउंड शॉ हो सके, ताकि राणा सांगा और बाबर का जो युद्ध हुआ था, उसकी याद ताजा रहे। तेरह मोरी पर महाराजा सूरजमल की प्रतिमा, और विश्वस्तरीय पर्यटन स्थल बन जाए, इसके लिए मैने काम भी किया है। इसे आईकॉन में चला भी गया है, जिसे भारत सरकार ने स्वीकार भी कर लिया है।

शिक्षक संघ ने जताई खुशी

विधायक चौधरी उदयभान सिंह शिक्षक संघ के संरक्षक हैं। योगी ने उन्हें मंत्री बनाए जाने पर शिक्षक संघ ने हर्ष व्यक्त किया है। संघ के प्रांतीय मंत्री डॉ। भोजकुमार शर्मा ने बताया कि संघ के संरक्षक को मंत्री बनाया गया है, इससे ज्यादा संघ के लिए हर्ष की और क्या बात हो सकती है। इसके लिए योगी सरकार का धन्यवाद ज्ञापित किया है। वहीं उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ। विजेंद्र सिंह नरवार ने राज्यमंत्री चौधरी उदयभान सिंह को बधाई दी है।