कानपुर (इंटरनेट डेस्क)। नए साल के मौके पर टीम इंडिया के तेज गेंदबाज उमेश यादव के घर नया मेहमान आया है। उमेश पिता बन गए हैं उनकी पत्नी तान्या ने एक बेटी को जन्म दिया। इस बात की खुशी उमेश ने खुद सोशल मीडिया पर फैंस के साथ शेयर की। उमेश ने एक क्यूट सी तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, 'इस दुनिया में लिटिल प्रिंसेस का स्वागत है। तुम्हारे आने से काफी खुश हूं।' बता दें उमेश की पत्नी तान्या प्रेग्नेंट थी जबकि उमेश ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट खेल रहे थे। हालांकि वह चोटिल होकर सीरीज से बाहर हो गए मगर उनके पिता बनने की खुशी ने उनका दर्द दूर कर दिया।

कोहली के घर भी आने वाला है मेहमान
उमेश यादव तो पिता बन गए। अब इंतजार है तो भारतीय क्रिकेट कैप्टन विराट कोहली के पिता बनने का। विराट की पत्नी अनुष्का शर्मा इस समय प्रेग्नेंट हैं और वह जनवरी में कभी भी मां बन सकती है। इसके लिए विराट ने बीसीसीआई से पेटरनिटी लीव भी ले रखी है। कोहली कंगारुओं के खिलाफ पिंक बाॅल टेस्ट खेलकर भारत वापस आ गए थे। अब वह घर पर पत्नी अनुष्का के साथ हैं।

उमेश और कोहली दोनों को मिला लंबा ब्रेक
उमेश यादव जहां इंजर्ड होकर टीम से बाहर हुए हैं। वहीं कोहली लंबे ब्रेक पर हैं, पहले उम्मीद थी कि विराट आखिरी टेस्ट में टीम के साथ जुड़ जाएंगे। मगर ऑस्ट्रेलिया में कड़े क्वारंटीन नियमों के चलते ऐसा हो पाना संभव नहीं है। ऐसे में विराट भी काफी समय तक टीम से दूर रहेंगे। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज 19 जनवरी को खत्म हो रही है। उसके बाद भारतीय टीम वापस वतन लौट आएगी। बाद में फरवरी में घर पर भारत बनाम इंग्लैंड के बीच सीरीज होगी। यानी कि विराट को अब फरवरी में ही मैदान पर देखा जा सकेगा।

Cricket News inextlive from Cricket News Desk