- पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, कोर्ट में पेश करने के बाद भेजा जेल

dehradun@inext.co.in
UTTARKASHI :
कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत एक गांव में 55 वर्षीय सगे चाचा ने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ दुष्कर्म, जान से मारने की धमकी व पोक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

जान से मारने की दी धमकी

जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में बीते वर्ष जून में किशोरी के साथ उसके सगे चाचा ने दुष्कर्म किया। यह बात किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। किशोरी ने उस समय अपनी मां को यह घटना बताई। किशोरी की मां ने जब आरोपी के घर जाकर इस घटना का विरोध जताया तो आरोपी ने कहा कि वह तो उसकी बेटी है। लोकलाज के भय से पीडि़ता की मां ने इस घटना की शिकायत दर्ज नहीं कराई, लेकिन फिर से आरोपित ने मौका पाकर मार्च 2019 में किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद किशोरी मानसिक तनाव में आ गई। किशोरी ने अपनी मां और परिजनों को यह बात बताई। थर्सडे को इस मामले में किशोरी व उसके परिजन बाल कल्याण समिति के पास पहुंचे। इसके बाद बाल कल्याण समिति पीडि़त किशोरी को लेकर कोतवाली पहुंची और तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी महादेव उनियाल ने बताया कि किशोरी के साथ उसके सगे चाचा ने दो बार दुष्कर्म किया। इस मामले में पोक्सो एक्ट, दुष्कर्म व धमकी देने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। किशोरी के बयान भी कोर्ट में दर्ज कराए गए हैं।