- नगर पंचायत क्षेत्र में निर्माण कार्य की गुणवत्ता की खुली कलई

- तीन दिन पहले ही ढहा था नाला, मची थी अफरातफरी

- निर्माण की गुणवत्ता को लेकर नहीं हो रही कोई मॉनिटरिंग

PIPRAICH: पिपराइच में कबाड़ी रोड पर नगर पंचायत प्रशासन की ओर से कराए जा रहे सुंदरीकरण कार्य में निर्माण की गुणवत्ता की मंगलवार को फिर कलई खुली। सप्ताह के अंदर ही दूसरी पर निर्माणाधीन नाला भरभराकर गिर गया। इससे दो मजदूर घायल हो गए। एक सप्ताह में ही दो बार नाला गिरने को लेकर क्षेत्र के लोगों को घटिया सामग्री से निर्माण का आरोप लगाया है। दूसरी बार हुई इस घटना से नगर पंचायत प्रशासन पर भी सवाल उठने लगा है।

कई वर्ष से टूटा पड़ा था नाला

नगर क्षेत्र में निर्माणाधीन 1200 मीटर लम्बा नाला कई माह से टूटा पड़ा था। पिछले तीन माह से इसका निर्माण कार्य चल रहा है। तीन दिन पहले ही नाला का एक हिस्सा गिर जाने से अफरातफरी मची थी। वहीं मंगलवार को फिर नाला गिर गया। इससे दबकर दो मजदूर घायल हो गए।

50 मीटर नाला क्षतिग्रस्त

मंगलवार को नाला के दोनों तरफ प्लास्टर का काम चल रहा था। इसी दौरान सड़क के दाहिने तरफ का करीब 50 मीटर नाले की दीवार भरभराकर गिर गई। इससे वहां भगदड़ मच गई। इस दौरान दो मजदूर घायल हो गए। निर्माण के दौरान ही जो नाला नहीं टिक रहा, वह बाद में क्या टिकेगा? दूसरी बार नाला गिरने के बाद ठेकेदार से लेकर नगर पंचायत प्रशासन तक सवालों के घेरे में आ गए हैं।

कहां है नगर प्रशासन?

नगर क्षेत्र में लाखों की राशि से सुंदरीकरण कार्य हो रहा है लेकिन कोई भी अधिकारी इसकी मॉनिटरिंग नहीं कर रहा। ठेकेदार मनमाने तरीके से निर्माण कार्य करा रहा है। निर्माण में यूज की जाने वाली सामग्री की जांच भी नहीं हो रही। यही कारण है कि एक ही सप्ताह में दो बार निर्माणाधीन नाला गिर गया। लेकिन इसके बाद भी नगर प्रशासन के अधिकारी व जिम्मेदार अनजान बने रहे। पहली बार नाला गिरने के बाद उसकी जांच के लिए कोई अधिकारी नहीं पहुंचा। वहीं मंगलवार को दूसरी बार नाला गिरने के बाद भी नगर पंचायत की अध्यक्ष खुद मामले से अनजान रहीं। लोग इस बात को लेकर चर्चा कर रहे हैं कि आखिर निर्माण गुणवत्ता में धांधली को लेकर नगर पंचायत प्रशासन की आंखें बंद क्यों है। जिम्मेदारों को कुछ दिखाई क्यों नहीं दे रहा? लोगों का कहना है कि अनियमितता में नगर पंचायत प्रशासन खुद भी शामिल हो गया है।

मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

- बेचना देवी, अध्यक्ष, नगर पंचायत