नई दिल्ली (एएनआई)। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने बुधवार को विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अधिकारियों के साथ COVID-19 का मुकाबला करने के उपायों पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए एक उच्च स्तरीय बैठक की। कहा जा रहा है कि उन्होंने COVID-19 के इलाज के लिए वैक्सीन विकसित करने में भारत के भी शामिल होने के बारे में चर्चा की है।

बढ़ रहा है रोगियों का आंकड़ा

इस बीच स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय से मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार को भारत में कोरोनोवायरस के मामलों की संख्या बढ़कर 11,439 हो गई है। कुल मामलों में से, 9,756 मामले एक्टिव हैं जबकि 1,306 मरीज ठीक होगए हैं या डिस्चार्ज हो गए, या माइग्रेट कर चुके हैं। पिछले 24 घंटों में अड़तीस नई मौतें हुईं, जिससे मरने वालों की संख्या 377 हो गई है।

भारत ने भी भागीदारी करने के लिए कहा

10 अप्रैल को, डॉक्टर हर्षवर्धन ने कहा था कि WHO के साथ विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय COVID-19 रोगियों के इलाज के लिए वैक्सीन विकसित करने का प्रयास कर रहा है। अब उन्होंने COVID-19 प्रबंधन पर कार्रवाई की समीक्षा करते हुए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के स्वास्थ्य मंत्रियों को बताया है कि भारत भी टीके विकसित करने के लिए दुनिया के बाकी देशों के साथ दौड़ शामिल है। WHO के साथ विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय टीके का उत्पादन करने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि वे मानते हैं कि जब तक वैक्सीन विकसित नहीं कर लिया जाता तब तक हमें सोशल डिस्टेंसिंग मेंटेन रखने और लॉकडाउन के नियमों का पालन करते रहना होगा। इस तरीके को सोशल वैक्सीन बताते हुए उन्होंने लोगों से सुरक्षा उपायों का पालन करने के लिए कहा।

National News inextlive from India News Desk