मुंबई (पीटीआई / एएनआई)। देश में जारी कोरोना महामारी के बीच में केंद्र सरकार ने अनलॉक 5.0 की गाइडलाइंस जारी कर दी है। गृह मंत्रालय की तरफ से जारी गाइडलाइंस के तहत राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की सरकारों को भी 15 अक्टूबर के बाद स्कूलों और कोचिंग संस्थानों को चरणबद्ध तरीके से खोले जाने की भी अनुमति दी गई है। सरकारें अपने हिसाब से राज्यों की स्थिति का आकलन कर इसके लिए फैसला कर सकेंगी। अनलॉक 5.0 की गाइडलाइंस मनोरंजन पार्क और इसी तरह के स्थानों को खोलने की अनुमति दी जा रही है।

50 फीसदी सीटों के साथ खोलने की इजाजत

वहीं 15 अक्टूबर से सिनेमाघर और मल्टीप्लेक्स खुल जाएंगे। हालांकि इस दाैरान सिनेमा हाल को 50 फीसदी सीटों के साथ खोलने की इजाजत दी गई है। इसके लिए सूचना और प्रसारण मंत्रालय द्वारा एसओपी जारी किया जाएगा।मल्टीप्लेक्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (MAI) ने बुधवार को गृह मंत्रालय के दिशा-निर्देशों का गर्मजोशी से स्वागत किया। एसोसिएशन ने कहा हम अपने देश के फिल्म प्रेमियों के लिए एक सुरक्षित, सुरक्षित और एक स्वच्छ सिनेमा अनुभव सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसका पूरा ख्याल रखेंगे।

अनलॉक प्रक्रिया देश में 1 जून से शुरू हुई

कोरोना वायरस महामारी के कारण 25 मार्च से लॉकडाउन लागू होने के बाद देश भर के सिनेमा हॉल बंद कर दिए गए थे। इसके बाद लाॅकडाउन कई चरणों में बढ़ा। हालांकि देश में अनलॉक प्रक्रिया वाणिज्यिक, सामाजिक, धार्मिक और अन्य गतिविधियों के क्रमबद्ध फिर से खोलने के साथ 1 जून से शुरू हुई थी। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के अनुसार अब तक देश में 63,12,585 लोग संक्रमित हो चुके हैं। वहीं 98,678 लोगों की माैत हो चुकी है। इसके अलावा 52,73,202 मरीज इस बीमारी से उबर चुके हैं।

National News inextlive from India News Desk