नई दिल्ली (एएनआई)। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोमवार को उन्नाव दुष्कर्म पीड़िता के साथ हुए हादसे को लेकर योगी आदित्यनाथ सरकार पर कटाक्ष किया है। उन्होंने कहा कि इस सबके बाद भी सत्तारूढ़ दल भयमुक्त यूपी कैंपेन का राग अलाप रहा है। प्रियंका गांधी ने इस मामले पर आज ट्वीट की सीरीज चलाकर यूपी सरकार को घेरा है।


प्रियंका गांधी ने ट्वीट की सीरीज चलाकर पूछे सवाल

प्रियंका ने ट्वीट किया कि भाजपा विधायक द्वारा एक महिला संग कथित तौर पर दुष्कर्म किया जाता है। उसके पिता को पीटा जाता है और हिरासत में उसकी मृत्यु हो जाती है। पिछले साल एक प्रमुख गवाह की रहस्यमय तरीके से मौत हो गई। अब उसकी आंटी जो एक गवाह भी थी, उसकी मौत हो गई और उसका वकील गंभीर रूप से दुर्घटना में घायल हो गया। काले नंबर प्लेट वाले एक ट्रक द्वारा टक्कर मार दी जाती है।

पीड़िता खुद इस दुर्घटना से गंभीर रूप से घायल
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने ने एक अन्य ट्वीट में कहा कि पीड़िता खुद इस दुर्घटना से गंभीर रूप से घायल हो गई है। इससे उसको अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी अभी भाजपा विधायक है  और राज्य में भाजपा सरकार भयमुक्त उत्तर प्रदेश कैंपेन चला रही है। क्या उसका नागरिकों के प्रति कोई नैतिक कर्तव्य नहीं है?  या यह कभी भी उसके एजेंडे में नहीं था?


पीड़िता और गवाहों की सुरक्षा में ढिलाई क्यों
प्रियंका गांधी ने यह भी सवाल किया कि दुष्कर्म पीड़िता के साथ सड़क दुर्घटना का हादसा चौंकाने वाला है। इस केस में चल रही सीबीआई जांच कहां तक पहुंची? आरोपी विधायक अभी तक भाजपा में क्यों हैं?  पीड़िता और गवाहों की सुरक्षा में ढिलाई क्यों?  इन सवालों के जवाब बिना क्या भाजपा सरकार से न्याय की कोई उम्मीद की जा सकती है?

उन्नाव कांड: विधायक कुलदीप सिंह सेंगर ने पीड़िता के खेत से बेच डाली 30 लाख की मिट्टी
नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के मामले में मुख्य आरोपी

यह हादसा रविवार को तब हुआ जब पीड़िता उन्नाव से रायबरेली जा रही थी। जिस वाहन में वह, उसकी दो आंटियां और वकील सवार थे वह एक ट्रक से टकरा गई। इस दुर्घटना के बाद पीड़िता की चाची ने दम तोड़ दिया। वहीं वह और उसका वकील गंभीर रूप से घायल है। बता दें कि भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के मामले में मुख्य आरोपी हैं। वह उन्नाव बांगरमऊ से बीजेपी विधायक हैं और उन्हें पिछले साल अप्रैल में सीबीआई ने गिरफ्तार किया था। 4 जून, 2017 को उन्नाव स्थित विधायक आवास पर भाजपा विधायक द्वारा किशोरी के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया गया था। पीड़िता यहां नौकरी की तलाश में गई थी।
उन्नाव दुष्कर्म पीडि़ता हुई दुर्घटना का शिकार, सीबीआई जांच के लिए तैयार योगी सरकार

 

 

 

 

 

National News inextlive from India News Desk