लखनऊ (एएनआई)। UP Assembly Elections 2022 : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए लखनऊ छावनी सीट से भाजपा सांसद रीता बहुगुणा जोशी के बेटे को टिकट नहीं दिया गया है। ऐसे में अब समाजवादी पार्टी (सपा) रीता बहुगुणा जोशी के बेटे मयंक जोशी पर दांव लगाने की तैयारी में हैं। सूत्रों के मुताबिक सपा द्वारा लखनऊ छावनी सीट से मयंक जोशी को मैदान में उतारने की संभावना है। हालांकि समाजवादी पार्टी ने लखनऊ की सभी सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है, लेकिन उनमें से एक पर जोशी के लिए जगह बनाने की खबर आ रही है।

लखनऊ छावनी से मयंक जोशी का नाम सबसे ज्यादा चर्चा में

सूत्रों के मुताबिक, कुछ उम्मीदवारों को बदला जा सकता है, जिनमें लखनऊ छावनी से मयंक जोशी का नाम सबसे ज्यादा चर्चा में हैं। रीता बहुगुणा जोशी ने 2017 का चुनाव लड़ा था और लखनऊ छावनी से तत्कालीन सपा उम्मीदवार अपर्णा यादव को हराया था। वहीं इस बार पार्टी सांसद रीता बहुगुणा जोशी ने इससे पहले बेटे मयंक जोशी को लखनऊ कैंट सीट से टिकट देने की मांग की थी। हालांकि भाजपा ने मयंक जोशी को टिकट देने से इनकार कर दिया और लखनऊ छावनी सीट से राज्य के कानून मंत्री ब्रजेश पाठक को चुनावी मैदान में उतार दिया है।

भाजपा ने कल 17 और उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी

भाजपा ने कल मंगलवार को आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए 17 और उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की और सरोजिनी नगर से ईडी के पूर्व संयुक्त निदेशक राजेश्वर सिंह को, राज्य के कानून मंत्री ब्रजेश पाठक को लखनऊ कैंट से जबकि आशुतोष शुक्ला को भगवंतनगर विधानसभा क्षेत्र से टिकट दिया है। वहीं लखनऊ उत्तर से नीरज बोरा और चित्रकूट से चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय को टिकट दिया है। बता दें कि यूपी में 10 फरवरी, 14, 20, 23, 27 फरवरी और 3 और 7 मार्च को सात चरणों में मतदान होगा। मतों की गिनती 10 मार्च को होगी।

National News inextlive from India News Desk