लखनऊ (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले आज गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी के एक और विधायक ने अपना इस्तीफा दे दिया है। फिरोजाबाद के शिकोहाबाद से विधायक मुकेश वर्मा के भी इस्तीफा देने के बाद उत्तर प्रदेश में भाजपा से इस्तीफे का सिलसिला तीसरे दिन भी जारी रहा। राज्य भाजपा अध्यक्ष को संबोधित अपने पत्र में मुकेश वर्मा ने आरोप लगाया कि योगी आदित्यनाथ सरकार पिछले पांच वर्षों में कमजोर वर्गों, युवाओं, किसानों, दलितों और ओबीसी की समस्याओं को दूर करने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि छोटे व्यापारियों और किसानों को भाजपा शासन में नुकसान हुआ है।

स्वामी प्रसाद मौर्य के नेतृत्व में काम करेंगे
विधायक मुकेश वर्मा ने यह भी कहा कि वह अब पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य के नेतृत्व में काम करेंगे। बता दें कि स्वामी प्रसाद मौर्य, दारा सिंह चौहान (दोनों मंत्री) रोशन लाल वर्मा, बृजेंद्र प्रजापति, भगवती शरण सागर, विनय शाक्य और अवतार सिंह भड़ाना ने पिछले दो दिनों में अपना इस्तीफा दिया। इस्तीफ के बाद अवतार सिंह भड़ाना रालोद में शामिल हो गए हैं। वहीं अन्य सभी विधायकों के शुक्रवार को समाजवादी पार्टी (सपा) में शामिल होने की संभावना है।

National News inextlive from India News Desk