नई दिल्ली (पीटीआई)। UP Assembly Elections 2022 : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए 107 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की। इसके बाद से सीएम योगी के अयोध्या से चुनाव लड़ने की अटकलों पर विराम लग गया है। भाजपा गोरखपुर शहर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मैदान में उतारा है। भाजपा ने पहले दो चरणों में होने वाली सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। सूची भाजपा के उत्तर प्रदेश प्रभारी और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने पार्टी महासचिव अरुण सिंह के साथ यहां पार्टी मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान जारी की।

सिराथू से केशव प्रसाद मौर्य लड़ेंगे
इस दाैरान धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि आदित्यनाथ गोरखपुर शहर से भाजपा के उम्मीदवार होंगे और सिराथू से उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य चुनावी मैदान में उतरेंगे। आदित्यनाथ गोरखपुर से पांच बार लोकसभा सदस्य रहे। वह और केशव प्रसाद मौर्य वर्तमान में राज्य की विधान परिषद के सदस्य हैं।

बसपा ने भी आज ही जारी की लिस्ट
403 सदस्यीय उत्तर प्रदेश विधानसभा के लिए सात चरणों में मतदान 10 फरवरी से शुरू हो रहा है। यूपी में पहले चरण में 11 जिलों की कुल 58 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा। बता दें इससे पहले आज ही बसपा ने उत्तर प्रदेश की 53 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की है।

National News inextlive from India News Desk