लखनऊ (एएनआई)। UP Assembly Elections 2022 : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 को लेकर सभी राजनैतिक दल अपनी-अपनी रणनीतियां तैयार कर रहे हैं। इस क्रम में समाजवादी पार्टी (सपा) निर्धारित विधानसभा चुनाव से पहले बुधवार को एक महत्वपूर्ण रणनीति बैठक करेगी। पार्टी सूत्रों ने आज बताया कि यह बैठक उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले चरण को ध्यान में रखते हुए की जाएगी। इसमे सीट शेयरिंग पर कई बड़े फैसले हो सकते हैं। बैठक में जयंत चौधरी, ओम प्रकाश राजभर, शिवपाल यादव, कृष्णा पटेल समेत अन्य के शामिल होने की संभावना है।

चुनाव 10 फरवरी से 7 मार्च के बीच होंगे

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान 10 फरवरी को होगा। चुनाव आयोग ने 8 जनवरी को पांच राज्यों के लिए मतदान की तारीखों की घोषणा की। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव सात चरणों में 10 फरवरी से 7 मार्च के बीच होंगे। उत्तर प्रदेश में मतदान की तारीखें 10 फरवरी, 14, 20, 23, 27, 3 मार्च और 7 मार्च हैं। सभी राज्यों में मतगणना 10 मार्च को होगी।

2017 के विधानसभा चुनाव का परिणाम

बता दें कि उत्तर प्रदेश में पिछले 2017 के विधानसभा चुनावों में, भारतीय जनता पार्टी ने 403 सीटों वाली उत्तर प्रदेश विधानसभा में से 312 सीटें हासिल कीं थी, जबकि समाजवादी पार्टी (सपा) ने 47 सीटें हासिल कीं, बहुजन समाजवादी पार्टी (बसपा) ने 19 सीटें जीतीं थी। वहीं कांग्रेस पार्टी केवल सात सीटें ही जीत पाई थी। बाकी की सीटों पर अन्य उम्मीदवारों ने कब्जा जमाया था।

National News inextlive from India News Desk