लखनऊ (एएनआई)। UP Assembly Elections 2022 : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा लखनऊ की सरोजिनी नगर सीट पर टिकट न दिए जाने के बाद प्रदेश की महिला कल्याण मंत्री स्वाति सिंह ने अपना बयान जारी किया है। टिकट नहीं दिए जाने के बाद उनके सपा ज्वाइन करने की खबरें आ रही थीं। ऐसे में उत्तर प्रदेश की मंत्री ने न्यूज एजेंसी एएनआई से कहा कि मैं भाजपा का हिस्सा हूं और जीवन भर रहूंगी। किसी भी कार्यकर्ता को पार्टी नेतृत्व द्वारा लिए गए फैसले पर सवाल नहीं उठाना चाहिए। पार्टी ने विधानसभा चुनाव के अच्छे के लिए किया होगा।
भाजपा का टिकट पाने में विफल रहे दयाशंकर
स्वाति के पति दयाशंकर सिंह राज्य भाजपा उपाध्यक्ष हैं। वह भी विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा का टिकट पाने में विफल रहे हैं। भाजपा की उम्मीदवार सूची की सराहना करते हुए दयाशंकर सिंह ने कहा कि इस बार पार्टी को 9 में से 9 सीटें मिलेंगी। उन्होंने कहा बीजेपी की उम्मीदवारों की सूची शानदार है, इसके पीछे पार्टी ने काफी सोच विचार किया है। मैं सरोजिनी नगर सीट से ईडी के पूर्व संयुक्त निदेशक राजेश्वर सिंह को टिकट देने के फैसले का स्वागत करता हूं। उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों के लिए सात चरणों में मतदान 10 फरवरी से होगा।

National News inextlive from India News Desk