ALLAHABAD: माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से लगातार बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी की जा रही है। बोर्ड की ओर से इस बार प्रैक्टिकल की परीक्षाएं दो चरणों में होंगी। इलाहाबाद जिले में बोर्ड प्रैक्टिकल की परीक्षाएं दूसरे चरण कराने के निर्देश दिए गए हैं। दूसरे चरण के प्रैक्टिकल एग्जाम की शुरुआत 30 दिसंबर से होगी। ये 13 जनवरी 2018 तक संचालित होंगी। दूसरे चरण में इलाहाबाद के साथ ही अलीगढ़, मेरठ, मुरादाबाद, कानपुर, आजमगढ़, वाराणसी और गोरखपुर में भी प्रैक्टिकल परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। पहले चरण की प्रैक्टिकल परीक्षाएं 15 दिसंबर से 29 दिसंबर तक संचालित होंगी। इसमें आगरा, सहारनपुर, बरेली, लखनऊ, झांसी, चित्रकूट, फैजाबाद, मिर्जापुर, देवीपाटन व बस्ती मंडल शामिल हैं।

 

50 प्रतिशत अंक की जिम्मेदारी

बोर्ड की प्रैक्टिकल परीक्षाओं में स्टूडेंट्स को निर्धारित पूर्णाको में पचास प्रतिशत अंक आंतरिक परीक्षक द्वारा और पचास प्रतिशत अंक वाह्य परीक्षक द्वारा दिए जाएंगे। प्राइवेट स्टूडेंट्स के लिए जो विद्यालय प्रयोगात्मक परीक्षा हेतु केन्द्र निर्धारित किए जाएंगे, उन विद्यालयों से संबंधित विषयों के अध्यापक द्वारा पचास प्रतिशत अंक आंतरिक मूल्यांकन व्यवस्था के अन्तर्गत प्रदान किए जाएगे। शेष पचास प्रतिशत अंक वाह्य परीक्षक द्वारा देय होंगे। इंटरमीडिएट में पंजीकृत समस्त संस्थागत तथा व्यक्तिगत परीक्षार्थियों की अनिवार्य विषय खेल एवं शारीरिक शिक्षा की प्रयोगात्मक परीक्षाएं विद्यालय स्तर पर प्रिंसिपल द्वारा संपादित करायी जाएंगी। हाईस्कूल की प्रयोगात्मक परीक्षाएं बीते वर्ष की भांति ही विद्यालय स्तर पर आंतरिक मूल्यांकन प्रोजेक्ट वर्क के आधार पर संपादित करायी जाएंगी।