लखनऊ (एएनआई)। उत्तर प्रदेश के गोंडा में एक दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है। यहां सोते हुई 3 नाबालिग बच्चियों पर कथित एसिड अटैक हुआ है। तीनों बहनों को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिला प्रशासन को घटना के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक को दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और लड़कियों को तत्काल वित्तीय सहायता प्रदान करने और उचित उपचार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। पुलिस अधीक्षक गोंडा के शैलेश कुमार पांडे के अनुसार, तीनों लड़कियों पर केमिकल अटैक किया गया।
पुलिस मामले की जांच में जुटी
पुलिस अधीक्षक ने मीडियाकर्मियों को बताया कि परसपुर में पक्का कस्बे में तीन नाबालिग बहनों पर उनके घर की पहली मंजिल पर सोते समय एक केमिकल के साथ हमला किया गया था। डॉक्टर जांच कर रहे हैं कि किस रसायन का इस्तेमाल किया गया था। लड़कियों की हालत स्थिर है। एक में 30 प्रतिशत बर्न इंजरी है।वहीं अन्य दो में 20 प्रतिशत और 7 प्रतिशत बर्न इंजरी है। पुलिस को दी गई शिकायत में लड़कियों के पिता ने कहा है कि उनकी बेटियों पर तेजाब से हमला किया गया है। इसमें एक बेटी की उम्र 17, एक की 7 साल और एक की 5 साल है। इस घटना को किसने अंजाम दिया, इसका पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

National News inextlive from India News Desk