ankur.sahay@inext.co.in

GORAKHPUR: वोटिंग सुबह 7 बजे शुरू होनी थी। 7.30 बजे हम पाली ब्लॉक स्थित तिलौरा मतदान केन्द्र पर थे। अभी-अभी वोटर आने शुरू हुए थे। सबकुछ शांत चल रहा था। यहां से निकलकर पौने 8 बजे हम बिसरी पहुंचे। यहां भी वोटिंग चल रही थी। जोगिया इंटर कॉलेज पहुंचने पर कुछ हलचल दिखी। पता चला कि ऑब्जर्वर पहुंचे हुए हैं। ऑब्जर्वर बीएलओ को हिदायत दे रहे थे कि किसी भी बाहरी को न आने दिया जाए। इसके बाद हम बोक्टा जा पहुंचे। यहां मॉडल बूथ बना था। पास में ही बने सेल्फी प्वाइंट पर डीएम, एसएसपी, एसडीएम सेल्फी लेते नजर आए। अधिकारियों ने बूथ का निरीक्षण किया और वोटर्स से बातकर जानकारी भी ली। 2.30 बजे हम भीटी रावत पहुंच गए। यहां एक प्रत्याशी वोटिंग करने पहुंचे थे। 3 बजते-बजते हम सीहापार में थे। यहां वोटर्स की संख्या कम दिखी लेकिन वोटिंग जारी थी। सीहापार से निकलकर कसरौल, मुंडा, कोड़रा होते हुए हम मॉडल बूथ सहजनवां मुरारी इंटर कॉलेज पहुंच गए। यहां वोटिंग जारी थी। बूथ के बाहर सेल्फी प्वाइंट पर युवक-युवती सेल्फी ले रहे थे। वोटिंग का समय 5 बजे तक ही निर्धारित था। हम पौने 5 बजे तक प्राथमिक विद्यालय भड़सार पहुंच गए। इस समय तक यहां वोटिंग जारी थी। कुछ युवाओं के सहारे एक विकलांग महिला भी वोट देने पहुंची थी। बूथ संख्या 322 भरवलिया, 234 बेलवाडारी, 78 डोहरियाकला, 146 गाहासाड़, रिथुआखोर 88, बसुधा 248 के ईवीएम में खराबी के चलते मुश्किल हुई।