आगरा। परिवहन निगम की बसों में यात्रियों को सुविधा का तोहफा मिलेगा। 25 अक्टूबर से 3 नवम्बर तक किसी भी यात्री को निगम की बसों के लिए ज्यादा इंतजार नहीं करना होगा। 10 मिनट के अंदर आपको निगम की संचालित बसों की सेवा मिलेगी। इसके साथ ही आपको सीट भी मिलेगी। यात्रियों के साथ ही निगम के अधिकारी व कर्मचारियों को भी दिवाली प्रोत्साहन योजना के रूप में प्रोत्साहन राशि के साथ ही प्रशस्ति पत्र दिए जाएंगे।

600 बसों का होता है संचालन

आगरा रीजन में छह डिपो हैं, जिनसे करीब 600 बसों का संचालन होता है। रोजाना करीब 35 से 40 हजार सवारियां इन डिपो से सफर करती हैं। यह संख्या दिवाली के आसपास करीब तीन गुना अधिक हो जाने की संभावना है। इसे देखते हुए आरएम मनोज त्रिवेदी ने सभी एआरएम की बैठक बुलाई है। विधिवत बसों का संचालन हो, किसी सवारी को किसी प्रकार की कोई समस्या न आए, इसे लेकर वे आज, मंगलवार को बैठक करेंगे।

ये हैं डिपो

- आगरा फोर्ट

- बाह

- ईदगाह

- ताज

- फाउंड्री नगर

- मथुरा

ये मार्ग होंगे फोकस में

- आगरा से जयपुर-सलौनी

- आगरा - दिल्ली

- आगरा - लखनऊ

- आगरा - हरिद्वार, मेरठ

- आगरा- दिल्ली कानपुर

इन मार्गो पर रहेंगे इतनी चक्कर

- आगरा - दिल्ली दो से तीन चक्कर

- आगरा - मेरठ तीन चक्कर

- आगरा - लखनऊ दो से तीन चक्कर

- आगरा से अन्य मार्गो पर भी दो से तीन चक्कर लगाए जाएंगे।

स्टोर वाहन किया तैयार

इस दौरान अगर कहीं पर भी बस खराब हो जाती है तो उसे ठीक करने के लिए वहां तक पहुंचने के लिए स्टोर वाहन तैयार किया गया है। सर्विस मैनेजर एसपी सिंह ने बताया कि स्टोर वाहन में बस को ठीक करने के लिए सारे इंतजाम किए गए हैं। किसी भी समय पर जानकारी मिलने पर स्टोर वाहन रवाना हो जाएगा।

एआरएम की बुलाई बैठक

आरएम मनोज त्रिवेदी ने सभी एआएम की बैठक बुलाई है। बैठक में उन्हें बसों के विधिवत संचालन से लेकर यात्रियों की सुविधा का ध्यान रखते हुए बसों के चक्कर आदि के संबंध में दिशा निर्देश दिए जाएंगे।

इस तरह मिलेगी प्रोत्साहन राशि

दिवाली के उपलक्ष्य में परिवहन निगम ने 25 अक्टूबर से तीन नवम्बर तक यात्रियों के लिए विशेष सुविधा देने का निर्णय लिया है। यात्रियों के साथ ही चालक-परिचालक और डिपो प्रभारी से लेकर अन्य कर्मचारियों को दिवाली प्रोत्साहन योजना के तहत नगर धनराशि से पुरस्कृत किए जाने का निर्णय लिया गया है।

चालक-परिचालकों के लिए नौ दिन तक लगातार कार्य करने पर प्रतिदिन 350 रुपये अतिरिक्त दिए जाएंगे। इसी प्रकार लगातार दस दिन ड्यूटी करने वाले डिपो व क्षेत्रीय कार्यशाला के कर्मियों को एकमुश्त 1200 रुपये दिए जाएंगे। क्षेत्रीय प्रबंधक, डिपो स्तर के अन्य कर्मचारियों को इस अवधि में लगातार कार्य करने वालों को भी नगर पुरस्कार दिए जाएंगे।